हाईकोर्ट के निर्णय से प्रभावित 30 हजार कर्मियों ने दी गिरफ्तारी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 19, 2018 - 11:07 AM (IST)

चंडीगढ़(पांडेय): विधानसभा के मानसून सत्र में हाईकोर्ट के निर्णय से प्रभावित कर्मचारियों की नौकरी न बचाने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का न करने की वायदाखिलाफी, रोडवेज व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर एस्मा लगाने और कर्मचारियों पर किए लाठीचार्ज आदि दमनकारी एवं तानाशाही नीतियों के खिलाफ मंगलवार को विभिन्न विभागों के 30 हजार से ज्यादा कर्मचारियों ने जेल भरो आंदोलन के तहत जिला मुख्यालयों पर सामूहिक गिरफ्तारियां दीं। 

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के निरंतरता में चल रहे प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत मंगलवार को आयोजित जेल भरो आंदोलन में सभी सरकारी, अद्र्ध सरकारी, सहकारी विभागों, बोर्डों, निगमों, विश्वविद्यालयों, नगर निगमों, पालिका, परिषदों, सहकारी समितियों, पंचायत समितियों व केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित परियोजनाओं में कार्यरत 112 कर्मचारी संगठनों के सदस्य शामिल हुए। 

गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों को 2-3 घंटे बाद रिहा किया गया।  सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रधान धर्मबीर फोगाट, महासचिव सुभाष लांबा व वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने जेल भरो आंदोलन की सफलता का दावा किया। सरकार को अल्टीमेटम दिया कि अगर पहली अक्तूबर तक एस्मा को हटाते हुए रोडवेज व स्वास्थ्य विभाग के हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ की गई सभी प्रकार की उत्पीडऩ की कार्रवाइयों को वापस नहीं लिया। एम.पी.एच.डब्ल्यू. व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के गैर शिक्षक कर्मचारियों की मांगों का समाधान करते हुए हड़ताल का बातचीत से निपटान नहीं किया तो 2 अक्तूबर को गांधी जयंती के अवसर पर सभी जिलों में सुबह 9 से 5 बजे तक गांधीगिरी करते हुए सत्याग्रह किए जाएंगे।
 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static