राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, भाजपा को बताया तानाशाह सरकार
punjabkesari.in Wednesday, Sep 19, 2018 - 12:08 PM (IST)
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं की पुलिस द्वारा पिटाई को लेकर बुधवार को नरेंद्र मोदी सरकार एवं रमन सिंह सरकार पर हमला बोला और आरोप लगाया कि तानाशाही अब एक पेशा बन चुकी है। गांधी ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, "नरेंद्र मोदी की हुकूमत में तानाशाही एक पेशा बन गई है। बिलासपुर में रमन सिंह की सरकार द्वारा कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं के मौलिक अधिकारों पर किए बुजदिली से गए इस प्रहार को वहां की जनता सियासी जुल्म के रूप में याद रखेगी।"
नरेंद्र मोदी की हुकूमत में तानाशाही एक पेशा बन गया है| बिलासपुर में रमन सिंह की सरकार द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मौलिक अधिकारों पर बुज़दिली से किए गए इस प्रहार को वहाँ की जनता सियासी ज़ुल्म के रूप में याद रखेगी| pic.twitter.com/to7LDkXzEt
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 19, 2018
बिलासपुर में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं की कथित रूप से पिटाई की, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अटल श्रीवास्तव घायल हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है।
खबरों के मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्त्ता नगर निकाय मंत्री अमर अग्रवाल के घर पर प्रदर्शन करने गए थे, जहां उनकी पिटाई की गई। दरअसल, कुछ दिन पहले अमर अग्रवाल ने कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं को कचरा कह दिया था. जिससे भड़के पार्टी कार्यकर्त्ता विरोध स्वरूप मंत्री के घर पर कचरा फेंकने पहुंचे थे।