पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से चिंतित उत्तरी राज्य करेंगे सांझा बैठक

punjabkesari.in Wednesday, Sep 19, 2018 - 10:05 AM (IST)

चंडीगढ़(बंसल): पैट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों से चिंतित उत्तरी राज्य सांझा बैठक करने जा रहे हैं। यह बैठक अगले सप्ताह दिल्ली या चंडीगढ़ में हो सकती है। इसमें उत्तरी राज्यों हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश व दिल्ली के मुख्यमंत्री तथा वित्त मंत्री शामिल होंगे। बैठक का मुख्य एजैंडा पैट्रोल और डीजल की एक समान दरें करने का है। 

इसके लिए हरियाणा ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली तथा हिमाचल प्रदेश से बात कर ली है। हरियाणा सरकार बैठक को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, हिमाचल प्रदेश के सी.एम. जयराम ठाकुर, पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल से बात कर चुकी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस बैठक की मेजबानी करने की इच्छा जताई है। 

यहां बता दें कि 2 वर्ष पूर्व भी उत्तरी राज्यों की इस संदर्भ में बैठक हुई थी लेकिन उसमें उत्तर प्रदेश शामिल नहीं हुआ था। इस बार उत्तर प्रदेश भी बैठक में शामिल होने जा रहा है। इस बैठक के बाद ही चंडीगढ़ में पैट्रोल तथा डीजल के दाम हरियाणा व पंजाब की अपेक्षा कम हो गए थे। हालांकि इस बार की बैठक का एजैंडा इन राज्यों में पैट्रोल और डीजल की दरों को एक समान करना है। उत्तरी राज्यों में पैट्रोल-डीजल के दाम-

राज्य                       डीजल (प्रति लीटर)    पैट्रोल (प्रति लीटर)
दिल्ली                     73.87 रुपए              82.16 रुपए
उत्तर प्रदेश               74.06 रुपए               81.76 रुपए
चंडीगढ़                   71.82 रुपए               79.10 रुपए
हिमाचल प्रदेश         73.87 रुपए               82.68 रुपए
पंजाब                    73.89 रुपए                87.7 रुपए
हरियाणा               74.64 रुपए                 82.88 रुपए


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static