गोहाना में होगी इनेलो की बड़ी रैली, चौटाला-मायावती पहली बार सांझा करेंगे मंच(Video)

punjabkesari.in Saturday, Sep 22, 2018 - 10:40 AM (IST)

गोहाना(अरोड़ा): इंडियन नैशनल लोकदल के सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला की पैरोल की अर्जी यदि मंजूर हो जाती है, वह पहली बार बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ कोई मंच सांझा कर सकते हैं। अवसर होगा देश के उप प्रधानमंत्री रहे स्व.देवीलाल के 105वें जन्मदिवस पर 25 सितम्बर को गोहाना में होने वाली राज्यस्तरीय रैली का।

इनैलो-बसपा के गठबंधन की यह दूसरी पारी है। इस पारी में गठबंधन की सर्वप्रथम रैली गोहाना में ही होने जा रही है। इस रैली की तैयारियों का पूरा दारोमदार विधानसभा में विपक्ष के नेता और वरिष्ठ इनैलो नेता अभय सिंह चौटाला पर है। इनैलो की जी-तोड़ कोशिश है कि इस रैली को स्वयं इनैलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला भी सम्बोधित करें। इनैलो पार्टी ने ओमप्रकाश चौटाला की पैरोल के लिए अदालत से गुहार की है।

पैरोल स्वीकृत होने और ओमप्रकाश चौटाला के गोहाना रैली में आने की अवस्था में राजनीतिक इतिहास में यह पहला मौका होगा जब वह बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ किसी मंच को सांझा करेंगे। जब रक्षाबंधन के अवसर पर विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला उनसे राखी बंधवाने के लिए गए थे, तभी मायावती ने गोहाना रैली में आने के लिए सहमति दे दी थी। 

1998 में पहली बार हुआ था गठबंधन
इनैलो का बसपा से गठबंधन 1998 के लोकसभा चुनावों के लिए पहली बार हुआ था। तब भी उस गठबंधन ने प्रदेश में रैली की थी। वह रैली गठबंधन ने रोहतक में आयोजित की थी। इनैलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. के.सी. बांगड़ स्मरण करवाते हैं कि उस रैली में भी ओमप्रकाश चौटाला अपने पिता चौ.देवीलाल के साथ मंच पर विराजमान थे, पर तब बसपा की कमान पार्टी के संस्थापक कांशी राम के हाथ में थी। 

भाजपा के शासन में पहली बार आएंगी मायावती
गोहाना की इनैलो-बसपा गठबंधन की रैली का एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि पिछले विधानसभा चुनाव में 2014 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने हरियाणा में कोई रैली की ही नहीं। भाजपा की सरकार बनने के बाद मायावती 4 साल में पहली बार प्रदेश को दस्तक देंगी। हरियाणा में 2014 के विधानसभा चुनाव से पहले मायावती ने करनाल में रैली की थी जिसके बाद अब गोहाना में गठबंधन की रैली में राज्य में आएंगी।

जिले में इनैलो की रैली 18 साल बाद
इंडियन नैशनल लोकदल पार्टी सोनीपत जिले में 18 साल के लम्बे अंतराल के बाद राज्यस्तरीय रैली करने जा रही है। सोनीपत इनैलो के जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया के अनुसार 2000 में रैली हरियाणा दिवस पर 1 नवम्बर को हुई थी और तब ओमप्रकाश चौटाला ही सी.एम. थे। 

पैरोल पर एकसाथ होंगे पिता-पुत्र
यदि अदालत इनैलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला की पैरोल की अर्जी मंजूर कर देती है, यह भी पहली बार होगा जब कोई पिता-पुत्र पैरोल पर आने के बाद किसी रैली में एकसाथ होंगे। पार्टी सुप्रीमो के ज्येष्ठ बेटे और राष्ट्रीय महासचिव डा.अजय सिंह चौटाला की 28 दिन की पैरोल मंजूर हो चुकी है और वह पैरोल पर रहते हुए गोहाना रैली में पहुंचेंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static