नेता विपक्ष ने साधा निशाना, बोले-उड़नखटोले का मोह नहीं छोड़ पा रहे CM

punjabkesari.in Tuesday, Sep 18, 2018 - 10:44 PM (IST)

ऊना: नेता विपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि जिला कांगड़ा में जिस प्रकार से जिला परिषद उपाध्यक्ष का परिणाम रहा है, उससे भाजपा की पोल खुल गई है। कांग्रेस प्रत्याशी विशाल चंबियाल की जीत पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा के लिए यह हार उन्हें करारा झटका है। उन्होंने कहा कि अभी तो यह शुरूआत है, आने वाले समय में कई और झटके भाजपा को लगेंगे।

सी.एम. के मंत्री सत्ता के नशे में मदमस्त
उन्होंने कहा कि सी.एम. जयराम ठाकुर उड़नखटोले का मोह नहीं छोड़ पा रहे और उनके मंत्री सत्ता के नशे में मदमस्त हैं। जनता त्रस्त है, इसलिए कागजों व बयानों की इस भाजपा सरकार को 8 माह में प्रदेश के सबसे बड़े जिला ने आईना दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता तो सरकार से नाखुश हैं ही, अब लगता है कि भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधि भी इस सरकार से खुश नहीं हैं।

35-20 के अंतर से मिली जीत ने बढ़ाया कांग्रेस का उत्साह
उन्होंने कहा कि 35-20 के अंतर से मिली जीत ने कांग्रेस का उत्साह बढ़ाया है। इसके लिए जिला कांगड़ा के सभी कांग्रेस नेता व जिला परिषद सदस्य बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अब यह काफिला आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि लोग अब कांग्रेस का शासन याद कर भाजपा को कोस रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों में जुमला पार्टी के लोगों को असलियत से रू-ब-रू होना होगा क्योंकि जनता इस दफा लोकसभा चुनावों में अपने मत का इस्तेमाल कर अपनी ताकत इन्हें दिखाने का बेसब्री से इंतजार कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News