भाजपा को हराने के लिए हर हाल में करेंगे गठबंधन: अखिलेश

punjabkesari.in Tuesday, Sep 18, 2018 - 10:52 AM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि देश की जनता बदलाव चाहती है और भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए वह हर हाल में गठबंधन करेंगे। अखिलेश ने संवाददाताओं से कहा कि देश की जनता बदलाव चाहती है। भाजपा घबराई हुई है। उसने देश को आर्थिक रूप से धोखा दिया है, सामाजिक तानाबाना तोड़ा है और नोटबंदी-जीएसटी के जरिए लोगों को तबाह किया है। उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना है। भाजपा को हटाने के लिए सपा गठबंधन करेगी, चाहे इसके लिए दो कदम पीछे क्यों ना हटना पड़े।         

सपा प्रमुख का यह बयान बसपा अध्यक्ष मायावती के उस बयान के एक दिन बाद आया है जिसमें उन्होंने ‘सम्मानजनक‘ संख्या में सीटें मिलने पर ही किसी दल से गठबंधन करने की बात कही थी। अखिलेश ने पार्टी मुख्यालय में विश्वकर्मा जयन्ती पर आयोजित कार्यक्रम के बाद कहा कि जाति आधारित जनगणना के आधार पर हक और सम्मान मिलना चाहिए। इस व्यवस्था के बिना विषमता दूर नहीं हो सकती है।

विश्वकर्मा समाज को राजनैतिक फैसलों के साथ रहना होगा। बदलाव के साथ तरक्की के लिए समाजवादी रास्ता अपनाना होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा की सरकार में विश्वकर्मा जयंती पर अवकाश घोषित किया गया था। समाजवादी सरकार फिर बनने पर ना केवल अवकाश घोषित होगा बल्कि भगवान विश्वकर्मा के नाम पर गोमती रिवरफ्रंट पर एक सुन्दर स्थल तथा मंदिर भी बनाया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static