रामकुमार और प्रजनेश की हार से भारत 0-2 से पीछे

punjabkesari.in Saturday, Sep 15, 2018 - 01:33 PM (IST)

क्रालजेवो (सर्बिया): रामकुमार रामनाथन और प्रजनेश गुणेश्वरन के शुरुआती एकल मैचों में हार के कारण भारत शुक्रवार को यहां विश्व ग्रुप प्लेआफ मुकाबले में सर्बिया से 0-2 से पिछड़ गया।           

रामकुमार ने लासलो दाजरे को कड़ी चुनौती पेश की लेकिन आखिर में उन्हें तीन घंटे 11 मिनट तक चले मुकाबले में 6-3 4-6 6-7(2) 2-6 से हार का सामना करना पड़ा। दाजरे ने इससे पहले डेविस कप में दो मैच खेले थे और उन दोनों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। युकी भांबरी की अनुपस्थिति में खेल रहे भारत को वापसी दिलाने का दारोमदार प्रजनेश पर था लेकिन उन्होंने कई मौके गंवाये और आखिर में विश्व में 56वें नंबर के दुसान लाजोविच से सीधे सेटों में 4-6 3-6 4-6 से हार गये। यह मुकाबला एक घंटा 57 मिनट तक चला।  

लाजोविच जैसे खिलाड़ी ने प्रजनेश को कई मौके दिये लेकिन भारतीय खिलाड़ी इनका फायदा नहीं उठा पाया। प्रजनेश को नौ बार ब्रेक प्वाइंट हासिल करने का अवसर मिला लेकिन इनमें से वह केवल दो बार ही अंक हासिल कर पाये। भारत को मुकाबले में बनाये रखने की जिम्मेदारी अब रोहन बोपन्ना और एन श्रीराम बालाजी की युगल जोड़ी पर है जिन्हें इसके लिये आज होने वाले युगल मुकाबले में निकोला मिलोजेविच और दानिलो पेत्रोविच पर हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।      


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rahul

Recommended News

Related News