पुलिस किसी भी सरकार का होती है आइना: मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Friday, Sep 14, 2018 - 12:11 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पुलिस किसी भी सरकार का आइना होती है, पुलिस की कार्यशैली जनमैत्री होनी चाहिए। पिछले चार वर्षों में हरियाणा पुलिस को देश की अग्रणी पुलिस बनाने की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं। पुलिसकर्मियों को सप्ताहिक अवकाश देने के साथ-साथ पुलिस परिसरों में नवीनतम आवासीय सुविधाएं व सभी जिलों की पुलिस लाइनों में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल खोले गए है। इसके अलावा, दूसरे विभागों में उच्च पदों पर सेवा में जाने के लिए विभागीय अनापत्ति-पत्र की अनुमति को हटाया गया है। खेल कोटे में भी हरियाणा पुलिस सेवा की सीधी भर्ती का प्रावधान किया है।

 सीएम गुरुवार को पंचकूला के सेकटर-1 में हरियाणा पुलिस हाउंसिंग कार्पोरेशन द्वारा पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो, नई दिल्ली  के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय छठी ऑल इंडिया पुलिस हाउसिंग कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय स्तर की पुलिस हाउंसिंग कार्पोरेशन की कॉन्फ्रेंस का आयोजन करने के लिए हरियाणा पुलिस के महानिदेशक  बी.एस.सन्धु व अन्य अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि इस कॉन्फ्रेंस में 20 राज्यों के 40 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। 

निश्चित रूप से ये हरियाणा सरकार द्वारा पुलिस छवि को सुधारने के लिए तथा पुलिसकर्मियों की जनमैत्री बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की जानकारी अपने राज्यों में जाकर सांझा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हरित, पर्यावरण अनुकूल, ऊर्जा दक्ष और भूकंप प्रतिरोधी इमारतों के लिए भवनों की संरचना पिचिंग, प्री-फैब्रिकेटिड, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग, सौर ऊर्जा के साथ अल्ट्रा-आधुनिक प्रौद्योगिकियों को अपनाने की आवश्यकता है। 
PunjabKesari
महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से हरियाणा के सभी जिलों में महिला पुलिस थाने व उपमण्डल स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। दुर्गा शक्ति वाहिनी के साथ-साथ अभी हाल ही में मोबाइल एप्प भी आरंभ किया गया है। सामुदायिक पुलिस के लिए अलग से उप-महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में लगाया गया है। हरसमय पुलिस वैबपोर्टल शुरू किया है जिस पर कहीं से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हुडको के माध्यम से तीन हजार नये पुलिस हाउसिंग आवास निगम के मकान बनाए जा रहे हैं। इनमें वर्तमान स्थिति के अनुसार सभी प्रकार की सुविधाएं एक ही स्थान पर मुहैया करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही 5 हजार नये पुलिस जवानों की भर्ती की जाएगी। इसके अलावा रात्रि गश्त के लिए  एक हजार भूतपूर्व सैनिकों को एसपीओ के रूप में भर्ती किया गया है चार हजार एसपीओ की भर्ती  और भी की जाएंगी। पुलिसकर्मी की ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर  एक्सग्रेशिया राशि 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख की गई है तथा घायल हो जाने पर 5 लाख से से बढ़ाकर 15 लाख की गई है।  

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2022 तक सभी के लिए आवास मुहैया करवाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 38 हजार मकान बनाने की योजना है। इसके तहत अब तक 18752 मकानों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में तीन लाख तीन हजार मकान बनाने के पंजीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन, सरकारी भवनों का समय  पर निर्माण व उच्च क्वालिटी पर बल देता है। इसलिए अन्य विभाग भी  पुलिस हाउंसिग से मकान बनवाने की सिफारिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में की गई पहल पर एनसीसी की तर्ज पर पूरे देश में स्टूडेंट पुलिस कैडेट बनाई जा रही है, इसका श्रेय हरियाणा को जाता है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static