कांग्रेस के निष्कासित नेताओं पर भाजपा डाल रही डोरे, दे सकती है बड़ा झटका

punjabkesari.in Friday, Aug 17, 2018 - 06:59 PM (IST)

शिमला (राक्टा): आगामी वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य कांग्रेस को चारों खाने चित्त करने के लिए भाजपा व्यापक रणनीति के तहत काम कर रही है। इसके तहत प्रदेश कांग्रेस से निष्कासित चल रहे कुछ नेताओं व पदाधिकारियों से भाजपा लगातार संपर्क में है। इसी कड़ी में कुछ निष्कासित नेता व पदाधिकारी जल्द ही भाजपा का दामन भी थाम सकते हैं। विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो निष्कासित चल रहे युवा नेताओं पर भी भाजपा की नजर है। आने वाले दिनों में सतारूढ़ दल भाजपा कांग्रेस को बड़े झटके देने के लिए अंदरखाते पूरीरूपरेखा तैयार कर चुकी है।

120 से अधिक नेता व पदाधिकारी चल रहे बाहर
बता दें कि बीते विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के चलते करीब 120 से अधिक नेताओं व पदाधिकारियों को संगठन से बाहर का रास्ता दिखाया था। इनमें ऐसे नेता भी हंै, जो बागी होकर विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ ही मैदान में उतर गए हैं। हालांकि गुण और दोष के आधार पर निष्कासित नेताओं और पदाधिकारियों को संगठन में वापस लिए जाने की आवाज उठती रही है लेकिन अभी तक प्रदेश कांगे्रस ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाए हैं। इसका मुख्य कारण कांग्रेस में गुटबाजी का हावी होना माना जा रहा है, जिसको देखते हुए भाजपा भी व्यापक रणनीति के तहत अंदरखाते कांग्रेस के निष्कासित नेताओं व पदाधिकारियों से संपर्क में हैं ताकि लोस चुनाव से पहली ही कांग्रेस को बड़े झटके दिए जा सके।

...राष्ट्रीय नेता की मौजूदगी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह या किसी अन्य राष्ट्रीय नेता के हिमाचल आगमन में कुछ कांग्रेस नेता भाजपा का दामन थाम सकते हंै। चर्चा है कि संगठन से निष्कासित चल रहे पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता भाजपा के संपर्क में हंै, ऐसे में देखना होगा लोकसभा चुनाव से हिमाचल की राजनीति क्या-क्या करवट लेती है।

अग्रणी संगठनों के कई वरिष्ठ नेता बाहर
कांग्रेस के अग्रणी संगठन युवा कांग्रेस और एन.एस.यू.आई. के कई वरिष्ठ नेता पार्टी से बाहर चल रहे हंै। इनमें एन.एस.यू.आई. के प्रदेशाध्यक्ष का नाम सबसे ऊपर है। इसी तरह युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव, कुटलैहड़ व लौहाल-स्पीति युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, मंडी युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष, युवा कांग्रेस हमीरपुर लोकसभा अध्यक्ष व एन.एस.यू.आई. के पूर्व अध्यक्ष सहित कई अन्य वरिष्ठ युवा नेता संगठन से बाहर हैं।

यहां से चुनावी मैदान में उतरे ये बागी
बागी नेताओं ने बीते विधानसभा चुनाव में आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ विभिन्न विस क्षेत्रों में कांग्रेस के समीकरण बिगाड़ दिए थे। इसके चलते कई दिग्गज नेताओं को भी हार का सामना करना पड़ा था। बागी हुए नेता हरीश जनारथा ने शिमला शहर हलके से चुनावी मैदान में उतरे थे। इसके साथ ही बावा हरदीप सिंह ने नालागढ़, पूर्ण चंद ठाकुर ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर के विस क्षेत्र दं्रग, पूर्व मंत्री सिंघी राम रामपुर तो मेजर विजय सिंह मनकोटिया शाहपुर से पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव में कूदे थे।

क्या बोले भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने कहा कि कांग्रेस के कई नेता स्वयं भाजपा के संपर्क में हंै। ऐसे में देखना होगा कि कितनों का मन बदलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग भाजपा नेतृत्व से प्रभावित होकर स्वयं भाजपा में शामिल होने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं। हालांकि गुण और दोष के आधार पर इस बारे में निर्णय लिया जाएगा। भाजपा सबका साथ सबका विकास की सोच लेकर ही आगे बढ़ रही है।

क्या बोले कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन
 कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी भाजपा ने दावा किया था कि कांग्रेस के कई नेता उनके संपर्क में है लेकिन एक-दो मामलों को छोड़ यह दावे कोरे ही साबित हुए। इसी कड़ी में अब लोकसभा चुनाव को नजदीक से देख भाजपा ने फिर वहीं दावे करने शुरू कर दिए हैं जो कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 7 माह के कार्यकाल से जनता निराश है और लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका जवाब स्वयं जनता देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News