वाजपेयी ने सोलन से की थी औद्योगिक पैकेज की घोषणा

punjabkesari.in Thursday, Aug 16, 2018 - 11:15 PM (IST)

सोलन: पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी का सोलन से गहरा नाता रहा है। हिमाचल में औद्योगिक क्रांति का श्रेय अटल विहारी वाजपेयी को ही जाता है। देश के प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने वर्ष 2002 में हिमाचल को औद्योगिक पैकेज की घोषणा सोलन के हरठ से की थी। प्रदेश को औद्योगिक पैकेज मिलने के बाद यहां पर औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिला था। इस पैकेज का ही कमाल है कि छोटा सा राज्य हिमाचल अब पूरे विश्व में फार्मा हब के रूप में विकसित हो गया है। इसके अलावा कई बड़े उद्योग हिमाचल में स्थापित हुए हैं।

10 वर्षों के लिए दिया था औद्योगिक पैकेज
अटल विहारी वाजपेयी ने हिमाचल के लिए 10 वर्षों के लिए वर्ष 2003 से वर्ष 2013 के लिए औद्योगिक पैकेज दिया था। इसके तहत हिमाचल में स्थापित होने वाले उद्योगों को करों में कई प्रकार की छूटें प्रदान की थीं। इसके बाद हिमाचल प्रदेश में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां स्थापित हुई थीं लेकिन केंद्र में यू.पी. सरकार ने पैकेज की अवधि को घटाकर वर्ष 2010 कर दिया था। औद्योगिक पैकेज समाप्त होने के बाद हिमाचल में औद्योगिक निवेश में रफ्तार धीमी पड़ गई है।

70 फीसदी हिमाचलियों को ही दिया रोजगार
प्रदेश में वर्ष 2003 से वर्ष 2010 के बीच में बी.बी.एन., काला अम्ब, पांवटा साहिब, संसारपुर टैरस, मैहतपुर व गगरेट इत्यादि औद्योगिक क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश हुआ। यही नहीं, इन उद्योगों में 70 फीसदी हिमाचलियों को ही रोजगार दिया गया। उद्योगों में हिमाचल के करीब 1.50 लाख लोगों को रोजगार मिला हुआ है। इसके अलावा उद्योगों से ही अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोगों को रोजगार मिला हुआ है। हिमाचल के विकास में पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी के योगदान को नहीं भुलाया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News