दिल्ली में हुए हमले का गम चाहकर भी नहीं भूल पा रहा हूं: अशोक तंवर

punjabkesari.in Tuesday, Aug 14, 2018 - 10:55 AM (IST)

चंडीगढ़(बंसल): हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर दिल्ली में हुए हमले का गम चाहकर भी नहीं भूल पा रहे हैं। हालांकि उनका यह भी कहना है कि शिंदे कमेटी की रिपोर्ट न्याय कर चुकी है। मेरे ऊपर हुए हमले को तो भुलाया जा सकता है लेकिन प्रदेश को जलाने वालों को कांग्रेस नहीं भूलेगी। 

उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन उनका इशारा किस तरफ था, इसका अंदाजा हर कोई अपने दृष्टिकोण से लगा रहा है। तंवर आज चंडीगढ़ प्रैस क्लब में मीट द प्रैस के दौरान पत्रकारों से रू-ब-रू हुए थे। तंवर ने कहा कि जब दिल्ली पुलिस और हरियाणा सरकार मिलकर उन्हें न्याय नहीं दिलवा पाई तो आम आदमी का क्या होगा।

जब उनसे सवाल किया गया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा बनाई गई कमेटी से न्याय मिला है? तो तंवर बोले कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे कमेटी ने क्या-क्या एक्शन लिया है, यह बताने की बात नहीं है लेकिन पार्टी के अंदर बहुत कुछ एक्शन लिया गया है। पार्टी में गुटबाजी के सवालों को टालते हुए उन्होंने कहा कि अगर किसी का उनके साथ मतभेद है तो वह मुझसे बात कर सकता है। 

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पैराशूट से आने वाले किसी भी व्यक्ति को पार्टी का टिकट नहीं मिलेगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी 2 दिन पहले यह बात कही थी। टिकटों की खरीद-फरोख्त पर तंवर ने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति में न तो टिकट बेचा जाता है और न ही टिकट खरीदा जाता है। पार्टी का टिकट केवल सक्रिय व निष्ठावान कार्यकर्ता को ही मिलेगा। 

चुनावी तैयारियों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री के चेहरे के बिना चुनाव मैदान में उतरेगी और सत्ता में वापसी करेगी। प्रदेशभर से मिल रहे फीडबैक से साफ नजर आ रहा है कि कांग्रेस न केवल सभी 10 लोकसभा सीटें जीतेगी, बल्कि स्पष्ट बहुमत के साथ प्रदेश की सत्ता में वापसी भी करेगी। उन्होंने इस सम्भावना से इन्कार नहीं किया कि भाजपा के कई सांसद तथा विधायक कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी और खट्टर सरकारों की नींव ही झूठ व फरेब पर रखी गई थीं परंतु झूठ के पांव नहीं होते। भाजपा के राज में देश का माहौल इतना हिंसात्मक और संदेहपूर्ण हुआ है कि विकास पूर्णतया रुक गया है। तंवर ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के आरक्षण के लिए केंद्र के नियम प्रदेश में भी लागू होने चाहिए।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static