15 घंटे बाद बहाल हुआ सैंज-लारजी-औट मार्ग, किसान-बागवानों ने झेली मुसीबत

punjabkesari.in Monday, Aug 13, 2018 - 07:09 PM (IST)

कुल्लू: कुल्लू जिला की सैंज घाटी की 14 पंचायतों को जिला मुख्यालय से जोडऩे वाला सैंज-लारजी-औट मार्ग रविवार रात को हुई तेज बारिश से तलाड़ा गांव के पागल नाले में बाढ़ व मलबा आने से 15 घंटों तक बंद रहा। मूसलाधार बारिश के चलते देर रात करीब 10 बजे पागल नाले में बाढ़ की हालत बन गई तथा नाले की दलदली मिट्टी सड़क के करीब 150 मीटर हिस्से में फैल जाने से सड़क बंद हो गई। तलाड़ा के पास सड़क बंद होने से यहां सैंकड़ों वाहन घंटों तक फंसे रहे। घाटी से इन दिनों रात-दिन फल-सब्जियों को मंडियों में पहुंचाने का कार्य जोरों पर चला हुआ है। सड़क बंद होने से रात भर परेशान किसान-बागवान समय पर अपने उत्पाद मंडियों तक नहीं पहुंचा सके।

ये सड़क मार्ग हुए बंद, खुलने में देरी से बागवान चिंतित
भारी बारिश के चलते सैंज घाटी के गांवों को जोडऩे वाली अधिकतर सड़कें नालों में बाढ़ आने व लैंड स्लाइडिंग के कारण अवरुद्ध हो गई हैं। देहूरी, दुशाहड़, देवगड़, फागला, शाघड़, शैंशर, कनौन, सारी, धाउगी, सेरी, सुचैहण व रोपा आदि सड़कें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने पर बंद हो गई हैं, जिसके चलते तैयार सब्जियों को बाजार तक पहुंचाना बेहद मुश्किल हो गया है। किसानों पवन, दीवान चंद, वेद राम व राजकुमार आदि का कहना है कि मुख्य सैंज-औट मार्ग भले ही खुल गया है लेकिन गांवों को इस मार्ग से जोडऩे वाली जीप योग्य सड़कों को खोलने में बहुत समय लगेगा, जिसके चलते नकदी फसलों के खेतों में ही सड़ जाने के हालात बन गए हैं। वाहनों की आवाजाही रुक जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार दोपहर 1 बजे के बाद लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों व एन.एच.पी.सी. की मशीन द्वारा सड़क को यातायात के लिए बहाल किया गया।

जल्द बहाल हों बंद सड़कें
बरसात में हमेशा पागल नाले से सड़क बंद होने से सैंज घाटी के लोगों को परेशानी होती है। पंचायत प्रधानों निर्मला देवी, गीता देवी, सुनीता देवी, खीमदासी, किरणा देवी, निरमयणा देवी, गिरधारी लाल, पूर्ण चंद, भाग चंद, उपप्रधानों मोहर सिंह, तारा चंद, बालकृष्ण, बालमुकंद व पंचायत समिति सदस्य प्रतिभा पालसरा आदि जनप्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान हो तथा घाटी की सभी बंद सड़कों को भी जल्द बहाल किया जाए ताकि किसान-बागवानों को नुक्सान न झेलना पड़े।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News