नौकरियों का खोलेंगे पिटारा, किसानों को घर बैठे देंगे सुविधाएं : खट्टर

punjabkesari.in Monday, Aug 13, 2018 - 03:18 PM (IST)

गोहाना(अरोड़ा): हम जल्दी नौकरियों का पिटारा खोलेंगे और किसानों को तमाम सुविधाएं घर बैठे मुहैया करवाएंगे। रविवार को यह घोषणा सी.एम. मनोहर लाल खट्टर ने की। वह शहर की नई सब्जी मंडी में प्रदेश की छठी और आखिरी किसान धन्यवाद रैली को सम्बोधित कर रहे थे। रैली में खट्टर ने गोहाना को 71 करोड़ रुपए की सौगात तो दी, पर जिला बनाने की मांग का जिक्र तक नहीं किया। इसी रैली में कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कांगे्रस को किसानों की चोर कहा और आरोप लगाया कि 5 साल पहले सी.एम. रहते गोहाना में की राज्यस्तरीय रैली में भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने किसानों के मुआवजे को लेकर थोथी घोषणा की थी। गोहाना रैली में मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, कृष्ण लाल पंवार, कविता जैन और मनीष ग्रोवर के साथ भाजपा विधायक महिपाल ढांडा भी पहुंचे। 

रैली में सम्बोधन की शुरूआत सी.एम. ने ‘किसान को देंगे पूरे दाम-देश के हित में करेंगे काम’ का नारा लगवाकर की। उन्होंने कहा कि किसानों को गिरदावरी समेत उनके लिए जरूरी तमाम सुविधाएं घर बैठे उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले 6 महीने में ग्रुप डी की 30 हजार नौकरियां दी जाएंगी और साथ में सिपाहियों की भर्ती होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब एक्सपोर्ट में उत्तर प्रदेश से भी आगे निकल गया तथा राष्ट्रीय स्तर पर केवल गुजरात और महाराष्ट ही हम से आगे हैं। 

परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने घोषणा की कि 60 साल से बड़ी उम्र की महिलाएं और 65 साल से बड़े उम्र के पुरुष के रूप में सीनियर सिटीजन अब हरियाणा रोडवेज की बसों में दूसरे प्रदेशों में भी आधे भाड़े पर सफर कर सकेंगे। रक्षाबंधन पर बहनों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा 36 घंटे तक जारी रहेगी जिसमें वे अपने साथ 15 साल तक के बच्चों को भी मुफ्त ले जा सकेंगी। इसी तरह जेलों में कैदियों को उनकी बहनें इस बार सलाखों के आगे से राखियां नहीं बांधेगी बल्कि इस के लिए जेलों के पार्कों में व्यवस्था की जाएगी। किसान धन्यवाद रैली से पहले सी.एम. मनोहर लाल खट्टर ने गोहाना में 53 करोड़ रुपए के शिलान्यास और उद्घाटन किए।
 


 
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static