भारतीय महिला टीम ने हाॅकी प्रदर्शनी का लुत्फ उठाया

punjabkesari.in Sunday, Jul 29, 2018 - 04:12 PM (IST)

लंदनः कप्तानी रानी रामपाल की अगुवाई में भारतीय महिला हाॅकी टीम ने यहां के फैन सेंट्रल ली वैली केंद्र में लगी हॉकी प्रदर्शनी ‘5 दशक, 50 चित्र’ का लुत्फ उठाया जिसमें भारतीय हाकी की विरासत दिखायी गयी है। रानी ने कहा कि यह प्रदर्शनी देखकर उनकी टीम का हौसला बढ़ेगा जो यहां विश्व कप में भाग ले रही है। 

प्रदर्शनी में मेजर ध्यानचंद के परिवार से जुड़े चित्रों को भी इस प्रदर्शनी में खूब पसंद किया गया। इस प्रदर्शनी का आयोजन प्रो स्पोर्टीफाई के सीईओ सुनील यश कालरा ने कुलदीप अहलावत के साथ मिलकर किया है। उन्होंने इस हाॅकी म्यूजयिम को प्रदर्शनी में लगे सभी चित्र भेंट किये। विश्व कप 1974 में भारतीय टीम की कप्तान रही अजिंदर कौर ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज मनोज कुमार भी मौजूद थे।           

अजिंदर कौर ने कहा कि प्रदर्शनी में पिछले 50 वर्षों की महिला हॉकी की स्थिति को बखूबी उभारा गया है। उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम को वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। हॉकी म्यजयिम के माइक स्मिथ ने कहा, ‘‘हॉकी प्रदर्शनी के माध्यम से भारतीय हॉकी के अतीत को सामने रखना उनके लिए सम्मान की बात है। इससे हमारा हॉकी का संग्रह और सम्पन्न होगा।’’ 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Recommended News

Related News