दुनिया के सबसे महंगे Actors की लिस्ट में सलमान और अक्षय, जानिए कितनी है कमाई
7/17/2018 1:30:20 PM
न्यूयॉर्क: बाॅलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और सलमान खान ने फोर्ब्स की सबसे अधिक कमाई करने वाली सौ हस्तियों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है। इस लिस्ट में अमेरिकी बॉक्सर फ्लॉयड मेवेदर ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं फोर्ब्स की साल 2018 की सबसे अधिक कमाई करने वाली हस्तियों की सूची में अक्षय 76वें और सलमान 82वें स्थान पर हैं।
फोर्ब्स ने कहा कि विश्व के इन 100 लोगों की पिछले 12 महीनों की कुल कमाई 6.3 अरब डॉलर (लगभग 4.31 खरब रुपए) है, जो कि इससे पिछले साल की तुलना में 22 प्रतिशत अधिक है। इस लिस्ट में 11 ऐसे सितारे भी हैं जिनकी कमाई 10 करोड़ डॉलर (लगभग 6.83 अरब रुपए) से अधिक है। फोर्ब्स ने कहा कि अभिनेता अक्षय कुमार ने इस साल 4.05 करोड़ डॉलर (लगभग 3.07 अरब रुपए) की कमाई की है।
‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ और ‘पैडमैन’ जैसी हिट फिल्में देने के साथ ही उन्होंने लगभग 20 ब्रैंड का प्रचार करते हुए मोटी कमाई की। फोर्ब्स ने कहा कि बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने इस साल 3.77 करोड़ डॉलर (लगभग 2.57 अरब रुपए) की कमाई की। पहला स्थान हासिल करने वाले बॉक्सर फ्लॉयड मेवेदर की साल भर की कमाई 28.5 करोड़ डॉलर (लगभग 19.49 अरब रुपए) रही। इस सूची में अभिनेता जॉर्ज क्लूनी दूसरे नंबर पर और टीवी स्टार और महिला उद्योगपति काइली जेनर तीसरे स्थान पर हैं।
इसके अलावा इस लिस्ट में फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो (10), पॉप स्टार कैटी पेरी(19), टेनिस खिलाड़ी रोजर फे़डरर (23) ,सिंगर बियॉन्से नॉलेस (35) , लेखिका जे. के. रोलिंग(42) और गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स (66) स्थान पर हैं।
Introducing the world's highest-paid entertainers:https://t.co/2xCmbNWkvm #Celeb100 pic.twitter.com/J7hsinVtrC
— Forbes (@Forbes) July 16, 2018