पौधारोपण अभियान में मंडी जिला Number One, 3 दिन में लगाए 3.36 लाख पौधे

punjabkesari.in Sunday, Jul 15, 2018 - 08:58 PM (IST)

मंडी: प्रदेश सरकार द्वारा चलाए गए 3 दिवसीय पौधारोपण अभियान में जिला मंडी पूरे प्रदेश में नंबर एक पर रहा है। मंडी जिला में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों के सहयोग से 3.36 लाख पौधे लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिला की इस उपलब्धि को देखते हुए वन विभाग के प्रधान मुख्य अरण्यपाल जी.एस. गोराया ने स्वयं मंडी जिला में आकर 2 स्थानों पर पौधारोपण किया। उन्होंने नसलोह पंचायत में भेहड़ा और हराबाग पंचायत में आम का पौधा लगाया। इसके साथ ही उन्होंने उत्कृष्ट कार्य के लिए वन अरण्यपाल सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की पीठ भी थपथपाई।


चौड़ी पत्ती वाले पौधों का हुआ अधिक रोपण
बता दें कि बीते 10 जुलाई को सी.एम. जयराम ठाकुर ने नाहन जिला से राज्य स्तरीय वन महोत्सव का आगाज किया था। इसके बाद 12, 13 और 14 जुलाई को 3 दिवसीय राज्य स्तरीय जनसहभागिता के साथ पौधारापण अभियान का आगाज वन विभाग ने किया था, जिसमें मंडी जिला ने पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा पौधे लगाए। दूसरे स्थान पर रामपुर सर्कल रहा जहां 2.60 लाख और तीसरे स्थान पर चम्बा जिला रहा, जहां 1.90 लाख पौधे रोपे गए। मंडी जिला में चौड़ी पत्ती वाले पौधों का अधिक रोपण हुआ, जिसमें 1,48,085 पौधे लगाए गए। इसमें सभी प्रकार के औषधीय और फलदार पौधे भी शामिल हैं, वहीं 36 हजार बान के पौधे और 1,47,325 देवदार के पौधे लगाए गए।


13,321 लोगों ने दिया अपना सहयोग
इस पौधारोपण कार्य में मंडी जिला के 13321 लोगों ने अपना सहयोग दिया, जिसमें पंचायतों, महिला मंडल, युवक मंडल, पंचायती राज संस्थाओं और अन्य विभिन्न प्रकार की संस्थाओं का पूरा सहयोग वन विभाग को मिला। मंडी जिला में वन विभाग ने पौधारोपण के लिए पहले से ही 106 स्थानों का चयन कर लिया था और अभियान शुरू होते ही 399 हैक्टेयर भूमि पर पौधारोपण करके पहला स्थान हासिल किया गया।


वन विभाग की टीम, आम लोगों और विभिन्न संस्थाओं की सफलता
वन अरण्यपाल मंडी उपासना पटियाल ने बताया कि 3 दिवसीय राज्य स्तरीय पौधारोपण अभियान में मंडी जिला पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है और इसका पूरा श्रेय वन विभाग की टीम,आम लोगों और विभिन्न संस्थाओं को जाता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News