महम कांड पर कांग्रेस विधायक बोले, अभय सिंह चौटाला व उसके साथियों ने ही चलाई थी गोलियां (VIDEO)

punjabkesari.in Sunday, Jul 15, 2018 - 04:00 PM (IST)

रोहतक(दीपक भारद्वाज): महम कांड का मुद्दा एक बार फिर गर्मा गया है। अदालत द्वारा इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला व सात अन्य लोगों को नोटिस जारी करने के बाद महम कांड के प्रत्याशी एवं कांग्रेस विधायक आनंद सिंह दांगी ने भी अभय चौटाला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आनंद सिंह दांगी का कहना है कि घटना के वक्त वह मौके पर ही थे और उस समय अभय सिंह चौटाला अपने लोगो के साथ आए और उन्होंने सीधी गोलियां चलवाई, जिससे दस लोगों की हत्याएं हुई थी। आज भी महम कांड का नाम सुनते ही लोग दहशत में आ जाते हंै। कांग्रेस विधायक ने कहा कि इस कांड में जो दोषी है, उसे अवश्य सजा मिलनी चाहिए।

 दरअसल अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश फखरूदीन की अदालत ने दस जुलाई को एक याचिका पर सुनवाई करते हुए महम कांड को लेकर इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला, पूर्व डीजीपी सहित सात लोगों को नोटिस जारी किया था। इस मामले में पांच सिंतबर को अदालत में सुनवाई होनी है, लेकिन मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड लिया है।

कांग्रेस के विधायक एवं गांव मदीना निवासी आनंद सिंह दांगी ने बताया कि वह इस कांड के प्रत्यदर्शी रहे हैं। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी 1990 को महम में विधानसभा चुनाव हुआ था और वह इस चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर उम्मीदवार थे। चुनाव वाले दिन कई बूथों पर धांधली हुई थी, जिसको लेकर चुनाव आयोग ने 28 फरवरी को पुर्नमतदान कराने के आदेश जारी किए।

दांगी ने बताया कि गांव बैंसी में मतदान चल रहा था। इसी दौरान इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला अपने साथियों के साथ आए और बूथो पर कब्जा करने का प्रयास किया, जब लोगों ने इसका विरोध किया तो इनेलो नेता ने अपने साथियो के साथ मिलकर सीधे लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी। 

उन्होंने बताया कि पुर्नमतदान में दस लोगों की हत्या हुई थी और इसकी गूंज विदेशों तक पहुंची थी। यहां तक कि चुनाव आयोग ने भी इस चुनाव को रद्द किया। इसी दौरान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी महम पहुंचे थे और उन्होंने पीड़ित लोगों से भी मुलाकात की थी। राजीव गांधी ने उस वक्त लोगों को आश्वासन दिया था कि संसद तभी चलेगा जब इस मामले में जवाबदेही होगी और ऐसा ही हुआ। उस वक्त मुख्यमंत्री रहे ओमप्रकाश चौटाला को भी इस्तीफा देना पड़ा था। कांग्रेस विधायक आनंद सिंह दांगी ने कहा कि महम कांड को लेकर कई तरह की जांच हुई। यहां तक कि सीबीआई ने भी जांच शुरू की थी, लेकिन किसी प्रभाव के चलते कारवाई नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि अब अदालत इस मामले पर न्याय करेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static