FIFA World Cup: किसुके होंडा के गोल से जापान ने सेनेगल को 2-2 की बराबरी पर रोका

punjabkesari.in Sunday, Jun 24, 2018 - 10:46 PM (IST)

येकातेरिनबर्गः रूस में खेले जा रहे फीफा विश्वकप में रविवार को दूसरा मुकाबला जापान और सेनेगल के बीच खेला गया। केइसुके होंडा के गोल की बदौलत जापान ने पिछडऩे के बाद वापसी करते हुए आज यहां फीफा विश्व कप ग्रुप एच मैच में सेनेगल को 2-2 से बराबरी पर रोककर नाकआउट के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदों को जीवंत रखा। सेनेगल ने सादियो माने (11वें मिनट) और मूसा वेग (71वें मिनट) के गोल की बदौलत मैच में दो बार बढ़त बनाई लेकिन जापान ने तकाशी इनयुई (14वें मिनट) और होंडा (78वें मिनट) के गोल की मदद से दोनों बार बराबरी हासिल कर ली।

PunjabKesari

इस ड्रॉ के बाद जापान और सेनेगल दोनों के दो मैचों में एक जीत और एक ड्रा से चार-चार अंक हैं। दोनों का गोल अंतर भी समान है। जापान ने अपने पहले मैच में कोलंबिया को 2-1 से हराया था जबकि सेनेगल ने पोलैंड को इसी अंतर से मात दी थी। सेनेगल ने इस तरह से जापान के खिलाफ अपना अजेय अभियान जारी रखा। दोनों टीमों के बीच इससे पहले तीन मैत्री मैच खेले गए हैं जिसमें से अफ्रीकी टीम ने दो में जीत दर्ज की जबकि एक ड्रॉ रहा।

PunjabKesari

जापान और सेनेगल दोनों ने ही बिना कोई जोखिम उठाए मैच में सतर्क शुरुआत की जिससे अधिकांश खेल शुरू में मिडफील्ड में ही खेला गया। इस दौरान दोनों टीमों ने कुछ मूव बनाने की कोशिश की लेकिन किसी टीम को सफलता नहीं मिली। सेनेगल ने हालांकि धीरे-धीरे मैच पर अपनी पकड़ मजबूत की। टीम को 11वें मिनट में जापान के डिफेंस की बड़ी गलती का फायदा मिला।

PunjabKesari

जापान के डिफेंडर गेंद को खतरे से बाहर भेजने में विफल रहे जिससे यूसुफ सबाली को मौका मिल गया। सबाली के शाट को हालांकि जापान के गोलकीपर इजी कावाशिमा ने रोक दिया लेकिन गेंद को पकडऩे में नाकाम रहे जो माने के पास पहुंच गई। माने ने कोई गलती नहीं करते हुए आसानी से गेंद को गोल में पहुंचाकर सेनेगल को 1-0 की बढ़त दिला दी। 

PunjabKesari

जापान ने एक गोल से पिछडऩे के बाद हमलों में तेजी दिखाई जिसका फायदा टीम को 34वें मिनट में मिला जब तकाशी इनयुई ने टीम को बराबरी दिला दी। युतो नागामुतो को बायें छोर पर अच्छा क्रास मिला और उन्होंने सेनेगल के दो डिफेंडर को छकाते हुए गेंद इनयुई के पास पहुंचा दी। इनयुई ने इसके बाद शानदार शाट पर गोल दागा जिसका गोलकीपर खादिम एनदियाये के पास कोई जवाब नहीं था। इनयुई का प्रतिस्पर्धी फुटबाल में यह जापान की ओर से पहला गोल है।

PunjabKesari

जापान के गोल के बाद सेनेगल की टीम बिखरी हुई नजर आई और उसने लगातार कई फाउल किए। सेनेगल को शिंजी कगावा के फाउल पर 45वें मिनट में फ्रीक किक मिली लेकिन मबाये नियांग के आफ साइड होने के कारण टीम की गोल करने की उम्मीदों पर पानी फिर गया। मध्यांतर तक स्कोर 1-1 था। दूसरे हाफ की शुरुआत भी धीमी रही। शारीरिक रूप से मजबूत सेनेगल के खिलाड़ी बड़ा मूव बनाने में नाकाम रहे जबकि जापान के स्ट्राइकरों को सेनेगल की सलीफ साने और कालिदू कोलिबेली की डिफेंस जोड़ी ने मायूस किया।

PunjabKesari

सेनेगल ने 55वें मिनट में मौका बनाया लेकिन नियांग के शाट को कावाशिमा ने आसानी से रोक दिया। जापान के कप्तान मकोटो हसीबी इसके बाद चोटिल हो गए जब नियांग की कोहनी उनकी नाक पर लगी और खून बहने लगाया। कप्तान इसके बाद मैदान से बाहर चले गए। नियांग ने शोजी के मुंह पर भी हाथ मारा जिसके लिए उन्हें पीला कार्ड दिखाया गया।

PunjabKesari 
जापान को 61वें मिनट में बढ़त हासिल करने का मौका मिला लेकिन साथी खिलाड़ी से मिले शानदार क्रॉस को युया ओसाको गोल में पहुंचाने में विफल रहे। तीन मिनट बाद जापान की टीम उस समय दुर्भाग्यशाली ही जब इनयुई का दमदार शाट क्रास बार से टकरा गया। इनयुई को हालांकि 68वें मिनट में फाउल करने पर पीला कार्ड दिखाया गया। वेग ने 71वें मिनट में जापान के डिफेंस में मची अफरातफरी का फायदा उठाकर सेनेगल को 2-1 की बढ़त दिला दी।

PunjabKesari

सेनेगल की टीम इस गोल का अच्छी तरह से जश्न मना पाती इससे पहले ही स्थानापन्न खिलाड़ी केइसुके होंडा ने 78वें मिनट में गोल दागकर जापान को बराबरी दिला दी। होंडा 74वें मिनट में ही कगावा के की जगह मैदान में उतरे थे। होंडा के इस गोल में इनयुई के पास ही अहम भूमिका रही। दोनों टीम ने अंतिम मिनटों में गोल करने की भरसक कोशिश की लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। सेनेगल की टीम अब अपने अंतिम लीग मैच में 28 जून को कोलंबिया से भिड़ेंगी जबकि इसी दिन जापान का सामना पोलैंड से होगा।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News