PM मोदी की बहादुरगढ़ वालों को मेट्रो की सौगात, दिल्ली मेट्रो से जुड़ा हरियाणा का तीसरा शहर

punjabkesari.in Sunday, Jun 24, 2018 - 10:59 AM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीन धनखड़): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ग्रीन लाइन मेट्रो सेवा का शुभारंभ किया। बहादुरगढ़ शहर में सिटी पार्क मेट्रो स्टेशन के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, बहादुरगढ़ से विधायक नरेश कौशिक भी मौजूद रहें। आज शाम 4 बजे मेट्रो यात्रियों के लिए खुल जाएगी। यात्रियों को पहला टोकन 3 बजकर 55 मिनट पर मिलेगा। 

PunjabKesari
सिटी पार्क से हर 9 मिनट में इंद्रलोक और कीर्ति नगर के लिए मेट्रो चलेगी। मुंडका से बहादुरगढ तक मेट्रो लाइन करीब 1500 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुई है। मुंडका से बहादुरगढ तक 7 मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं जिनमें दिल्ली में चार और बहादुरगढ़ में तीन मेट्रो स्टेशन बने हैं। हर रोज करीब डेढ़ लाख लोग मेट्रो में सफर करेंगे। दिल्ली सीमा में बनाई गई मेट्रो लाइन का खर्च भी हरियाणा सरकार ने वहन किया है। मुंडका से बहादुरगढ़ मेट्रो ट्रैक की लंबाई करीब साढ़े 11 किलोमीटर है। मेट्रो लाइन के बनने से राजधानी दिल्ली में लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी। सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम होगा।

हरियाणा तीसरी बार दिल्ली मेट्रो से जुड़ेगा
रविवार को यह सैक्शन खुलते ही पड़ोसी राज्य हरियाणा तीसरी बार दिल्ली मेट्रो से जुड़ गया है। गुड़गांव व फरीदाबाद शहर में पहले ही मेट्रो सेवाएं परिचालन में हैं। यह सम्पूर्ण एलीवेटेड खंड राजधानी शहर को न केवल बहादुरगढ़ से जोड़ेगा, बल्कि दिल्ली शहर के पश्चिमी छोर वाले बाहरी दिल्ली के कई क्षेत्रों जैसे मुंडका, घेवरा, टिकरी कलां आदि को भी कनैक्टिविटी प्रदान करेगा। इस खंड के शुरू हो जाने से दिल्ली मेट्रो नैटवर्क का विस्तार 288 किलोमीटर में हो जाएगा और इसमें 208 मेट्रो स्टेशन होंगे। 

मुंडका-बहादुरगढ़ ग्रीन लाइन की ये हैं मुख्य विशेषताएं
खंड की लंबाई 11.18 किलोमीटर है। इस ग्रीन लाइन पर मुंडका से बहादुरगढ़ के बीच में 7 मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं। सभी स्टेशन एलिवेटेड हैं। इन स्टेशनों में मुंडका औद्योगिक क्षेत्र, घेवरा, टिकरी कलां, टिकरी बॉर्डर के अलावा हरियाणा के बहादुरगढ़ में मॉडर्न इंडस्ट्रीयल एस्टेट, बस स्टैंड, सिटी पार्क शामिल हैं। 

कनैक्टिविटी से लाभ
मुंडका-बहादुरगढ़ खंड बहादुरगढ़ शहर को पश्चिमी दिल्ली के बॉर्डर इलाकों से जोड़ने की दृष्टि से अत्यधिक महत्वपूर्ण है। बहादुरगढ़ एक विकासशील नगरीय इलाका है जहां कई औद्योगिक यूनिट भी हैं। इसी प्रकार मुंडका में भी एक औद्योगिक क्षेत्र है जहां कई लोग अपनी व्यावसायिक आवश्यकताओं के लिए हर रोज यात्रा करते हैं। यह कॉरिडोर इन लोगों के लिए काफी मददगार होगा। दिल्ली मैट्रो का गुरुग्राम और फरीदाबाद के बाद हरियाणा में तीसरा विस्तार है। हरियाणा में दिल्ली मैट्रो लाइंस का 21 कि.मी. से अधिक लंबा मार्ग है। इस खंड के शुरू होने से हरियाणा में दिल्ली मैट्रो खंड का विस्तार 25.8 किलोमीटर लंबा हो जाएगा। बहादुरगढ़ का विकास शैक्षिक हब के रूप में भी हुआ है। यहां पर अनेक बड़े शिक्षण संस्थाएं व महाविद्यालय भी हैं। साथ में पी.डी.एम. यूनिवर्सिटी भी संचालित है। ऐसे में विद्यार्थियों की कनैक्टिविटी के लिए मैट्रो काफी सुविधाजनक होगी।
 
सौर ऊर्जा संयंत्र लगेंगे
डी.एम.आर.सी. पर्यावरण हितैषी मैट्रो प्रणाली प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रयास के भाग के रूप में, डी.एम.आर.सी. मौजूदा और भावी डी.एम.आर.सी. कॉरिडोरों में विभिन्न स्थानों पर सौर ऊर्जा संयंत्र (सोलर पी.वी. पावर प्लांट) लगा रहा है। डी.एम.आर.सी. के भावी नैटवर्क में निर्माण चरण में ही सोलर पी.वी. पावर प्लांट को एकीकृत करने के प्रयास किए गए हैं। सभी रूफ-टॉप सोलर प्लांट को आर.ई.एस.सी.ओ. मॉडल के अंतर्गत लगाया जा रहा है, अब तक डी.एम.आर.सी. नैटवर्क में 23 क्षमता चालू की जा चुकी है। बहादुरगढ़ डिपो में कुल 783 क्षमता वाले रूफ-टॉप सोलर प्लांट मॉडल के अंतर्गत विभिन्न छतों पर लगाए गए हैं। प्रति वर्ष 1 मिलियन यूनिट ऊर्जा (लगभग 2800 यूनिट प्रति दिन) सृजित करने का अनुमान है जो डिपो में दिन के समय में अतिरिक्त ऊर्जा अपेक्षा (रोशनी, वातानुकूलन आदि) को पूरा करने के लिए पर्याप्त होगी। इसके अलावा, मुंडका-बहादुरगढ़ कॉरिडोर के 7 स्टेशनों की छतों पर 700 के डब्ल्यू. पी. अतिरिक्त क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र (पावर प्लांट) लगाने का कार्य शीघ्र ही आरंभ होगा। जिसके लिए डवैल्पर को अंतिम रूप दे दिया गया है। इन संयंत्रों से उत्पन्न ऊर्जा इन स्टेशनों के पूरे दिन के सहायक लोड को पूरा करने के लिए पर्याप्त होगी। 

परिचालन विवरण
इंद्रलोक, कीर्तिनगर-सिटी पार्क सेक्शन के टाइम-टेबल के अनुसार इस पूरे कॉरीडोर पर कुल 20 ट्रेनें सेवारत होंगी। अशोका पार्क मेन मैट्रो स्टेशन से रवाना होने वाली हर दूसरी ट्रेन बहादुरगढ़ के सिटी पार्क स्टेशन तक जाएगी। इस तरह मुंडका-सिटी पार्क वाले सैक्शन पर करीब 9 मिनट में मैट्रो मिला करेगी।  इंद्रलोक, कीर्तिनगर और सिटी पार्क (बहादुरगढ़) के बीच मैट्रो सफर में 50 मिनट का समय लगेगा। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nisha Bhardwaj

Recommended News

Related News

static