सरकार का कमाऊपूत बन रहा HRTC, अढ़ाई माह में कमाया 8.88 करोड़ मुनाफा

punjabkesari.in Thursday, Jun 21, 2018 - 08:37 PM (IST)

मनाली: वन, परिवहन एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में घाटे में चल रहा हिमाचल पथ परिवहन निगम आज प्रदेश सरकार का कमाऊपूत बन रहा है। उन्होंने कहा कि समस्त कर्मचारियों की कार्यकुशलता रंग ला रही है और घाटे में चलने वाला निगम आज मुनाफा कमाने लगा है। परिवहन मंत्री वीरवार को मनाली के परिधि गृह में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद पत्रकार वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल, 2018 से 20 जून तक अढ़ाई महीने में एच.आर.टी.सी. ने 1,78,94,83,251 का कारोबार किया जबकि पिछले साल इन दिनों यह आंकड़ा 1,70,06,66,406 का कारोबार किया था। एच.आर.टी.सी. ने अढ़ाई महीने में 8 करोड़ 88 लाख से अधिक का मुनाफा कमाया है।


भाजपा की सरकार बनते ही 32 करोड़ का मुनाफा
उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही घाटे में चल रही एच.आर.टी.सी. ने अब तक 32 करोड़ का मुनाफा कमाया है। एच.आर.टी.सी. के सभी चालकों, परिचालकों, मैकेनिकों, कर्मचारियों और अधिकारियों की कुशलता व मेहनत रंग लाने लगी है। उन्होंने कहा कि एच.आर.टी.सी. ने इस साल एक करोड़ का मुनाफा कमाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों सहित समस्त प्रदेश में बेहतरीन बस सेवाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि इस समय 5600 एच.आर.टी.सी. के पैंशन कर्मचारी भी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं, लेकिन सभी मिलकर काम करेंगे और एच.आर.टी.सी. को कमाऊपूत साबित करेंगे।


ठेकेदारों की समस्या का शीघ्र समाधान करेगी सरकार
जी.एस.टी. के कारण ठेकेदारों को आ रही सड़क और पुल निर्माण की दिक्कतों पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र इस समस्या का समाधान करेगी। उन्होंने माना कि जी.एस.टी. के कारण ठेकेदार टैंडर नहीं भर रहे हैं, जिस कारण मनाली-कुल्लू वामतट मार्ग के पुलों के निर्माण कार्य में देरी हो रही है।


एक भारत श्रेष्ठ भारत की तर्ज पर ही लगाया टैक्स
बाहरी राज्यों के पर्यटक वाहनों पर बढ़े टैक्स के मामले पर मंत्री ने कहा कि सरकार ने पड़ोसी राज्यों के बराबर एक भारत श्रेष्ठ भारत की तर्ज पर ही टैक्स लगाया है। उन्होंने कहा कि 25 जून को बाहरी राज्यों के ट्रांसपोर्टर यूनियन के अधिकारियों की बैठक शिमला में रखी गई है। बैठक में इन सभी मुद्दों पर बात की जाएगी। मंत्री ने मंडी जिला के सरकाघाट में दुर्घटनाग्रस्त स्कूल वाहन मामले पर ङ्क्षचता जाहिर की और एक नन्ही छात्रा की मौत पर शोक व्यक्त किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News