50 हजार लोगों के साथ PM मोदी ने किया योग, बोले-ये तोड़ता नहीं आपस में जोड़ता है

punjabkesari.in Thursday, Jun 21, 2018 - 09:40 AM (IST)

देहरादूनः शहर के फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टिट्यूट यानी एफआरआई परिसर में 50 हजार से ज्यादा लोगों के साथ आज सुबह योगासन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पुरातन भारतीय योग परंपरा इस संघर्षरत दुनिया को एकजुट करने वाली सबसे बड़ी शक्ति के रूप में उभरी है। अंग्रेजों के जमाने में बने एफआरआई संस्थान की इमारत की पृष्ठभूमि में हजारों लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि योग ने दुनिया को ‘रोग से निरोग’ की राह दिखाई है और दुनिया भर में लोगों के जीवन को समृद्ध बना रहा है। उन्होंने कहा, वास्तविकता यह है कि सेहत और तंदुरुस्ती की खोज में योग दिवस दुनिया के सबसे बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि लोगों का स्वस्थ होना शांतिपूर्ण विश्व की स्थापना के लिए अत्यंत आवश्यक है।
PunjabKesari

मोदी के संबोधन के खास अंश

  • देहरादून से डबलिन, शंघाई से शिकागो, जकार्ता से जोहानिसबर्ग, हिमालय की ऊंचाई से लेकर रेगिस्तान तक, योग दुनिया में लाखों जिन्दगियों को समृद्ध बना रहा है।    
  • योग समाज में एकरूपता लाता है जो राष्ट्रीय एकता का आधार बन सकता है।
  • संयुक्त राष्ट्र में योग दिवस का प्रस्ताव रिकॉर्ड समय में स्वीकार किया गया और ज्यादातर देशों ने इसका समर्थन किया। 
  • आज पूरी दुनिया के लोग योग को ऐसे रूप में देखते हैं कि वह उनका अपना है।
  • अगर आप चाहते हैं कि दुनिया आपकी विरासतों और धरोहरों का सम्मान करे , तो पहले आपको उनका सम्मान करना होगा।      
  • अगर हम खुद अपनी विरासतों और धरोहरों पर गर्व नहीं करेंगे तो और कोई नहीं करेगा। हमें अपनी मूल्यवान धरोहरों का सम्मान करना चाहिए।
  • योग शांत, सृजनात्मक और संतुष्ट जीवन जीने का तरीका है।
        PunjabKesari
  • योग बतौर व्यक्ति और समाज में आने वाली हमारी समस्याओं का उत्तम समाधान देता है। ’’      
  • योग तोड़ता नहीं जोड़ता है, द्वेष की जगह समावेश सिखाता है। कष्टों को बढ़ाने के स्थान पर योग उनसे मुक्ति दिलाता है।
  • योग दुनिया के लिए आशा की किरण है।  
  • योग सुन्दर है क्योंकि वह पुरातन होते हुए भी आधुनिक है , उसमें ठहराव है फिर भी वह लगातार विकसित हो रहा है। 
  • योग भारत की समृद्ध विरासत का हिस्सा है। हमें इस पर गर्व करना चाहिए।       
  • तोक्यो से टोरंटो, स्टॉकहोम से साओ पाउलो तक योग लाखों लोगों के जीवन को सकारात्मक तरीके से प्रभावित कर रहा है। 
  • लोग न सिर्फ स्वस्थ बल्कि प्रसन्न और शांतिपूर्ण जीवन के लिए भी योग को अपनाएं।
    PunjabKesari

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री बुधवार रात यहां पहुंचे। सुबह साढ़े छह बजे वन अनुसंधान संस्थान के परिसर में लोगों को संबोधित करने के बाद मोदी ने उनके साथ योगाभ्यास किया। बता दें कि मोदी के साथ राज्यपाल डॉक्टर के.के. पॉल, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत, केंद्रीय आयुष मंत्री और उत्तराखंड के आयुष मंत्री हरक सिंह रावत भी मौजूद रहे। वहीं राजस्थान में योगगुरु रामदेव ने योग किया। इस दौरान वहां पर दो लाख से अधिक लोग मौजूद रहे।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News