बूथ स्तर पर महासम्पर्क अभियान चलाएगी भाजपा

punjabkesari.in Wednesday, Jun 20, 2018 - 12:28 PM (IST)

चंडीगढ़(बंसल): भाजपा की केंद्र सरकार के 4 वर्ष पूरे होने पर चलाए गए विशेष सम्पर्क अभियान के बाद अब हरियाणा में भाजपा संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए प्रत्येक बूथ पर महासम्पर्क अभियान चलाने जा रही है। प्रत्येक बूथ पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी 50 परिवारों से सम्पर्क साधेंगे और उन्हें भाजपा की अंत्योदय विचारधारा की योजनाओं को लेकर जागरूक करेंगे। इस अभियान का आगाज 23 जून को डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया ने बताया कि 23 जून से 30 जून तक प्रदेश भर के सभी बूथों पर संगठनात्मक मजबूती के लिए महासम्पर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से प्रारंभ होने वाले इस अभियान में पहले दिन सभी बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो बाद में शृंखला के तौर पर 30 जून तक सुनियोजित तरीके से आयोजित किए जाएंगे। 
 

उन्होंने कहा कि महासम्पर्क अभियान के दौरान पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों की बूथों पर ड्यूटी लगेगी। इस दौरान प्रमुख पदाधिकारी प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 परिवार तक पहुंचेंगे तथा पार्टी की नीतियों से अवगत करवाते हुए अंत्योदय और राष्ट्रभाव विचारधारा से प्रेरित करेंगे। उन्होंने बताया कि 24 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भी प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं के साथ सुनना सुनिश्चित किया जाएगा।  इस अभियान की तैयारी के लिए 22 जून को जिला, विधानसभा एवं मंडल स्तर पर शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक होगी और आगामी विशेष कार्य योजना तैयार की जाएगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static