मंत्री और विधायक जयराम को नहीं मानते CM, अग्निहोत्री जल्द करेंगे बड़ा खुलासा (Video)

punjabkesari.in Tuesday, Jun 19, 2018 - 04:52 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि जयराम ठाकुर को भाजपा के अधिकतर विधायक और मंत्री ही चीफ मिनिस्टर नहीं मानते हैं। मंगलवार को ऊना में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सी.एल.पी. नेता ने कहा कि जयराम पिछले 6 माह से यही विलाप कर रहे हैं कि अब तो उन्हें सी.एम. मान लिया जाए। भाजपा विधायक दल की बैठक से लेकर सार्वजनिक मंचों पर भी वह यही विलाप कर रहे हैं कि कोई भी उन्हें सी.एम. नहीं मान रहा है। अधिकतर मंत्री भी उन्हें नौसिखिया करार दे रहे हैं। अपनी वरिष्ठता का खुद ही राग अलाप रहे हैं। 


अग्निहोत्री ने कहा कि शांता को पानी, धूमल को सड़क, वीरभद्र को 18 घंटे काम करने वाला विकास पुरुष मुख्यमंत्री की संज्ञा दी जाती है जबकि जयराम को 18 घंटे व्हटसएप पर व्यस्त रहने वाले नॉटी डालने वाले मुख्यमंत्री के रूप में पहचाना जाएगा। सी.एल.पी. नेता ने कहा कि ठाकुर को पहचान का संकट बना हुआ है। पिछले 6 माह उनके या तो विभिन्न शीर्ष नेताओं के दरबारों में हाजिरी लगाने या फिर नॉटी डालने में ही व्यतीत हो गए हैं। मुख्यमंत्री परेशान हैं और खुद ही वरिष्ठता के राग अलाप रहे हैं। अग्निहोत्री ने कहा कि उनका यह कहना कि छुटभैये नेता आगे आए हैं, सही बात है क्योंकि भाजपा ने तो सी.एम. किसी अन्य वरिष्ठ नेता को बनाने की घोषणा की थी लेकिन चुनावों के बाद छुटभैये ही सी.एम. पद पर आगे आ गए। 


अग्निहोत्री ने कहा कि सी.एम. जिस भाषा शैली में बात करेंगे उन्हें उसी भाषा में दोगुनी ताकत से जवाब दिया जाएगा। पंजाब बार्डर के एरिया होने को लेकर कसे गए तंज पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना जिला और उनका हरोली क्षेत्र उतना ही हिमाचली है जितने प्रदेश के बाकी क्षेत्र। उन्होंने कहा कि वह जयराम से ज्यादा हिमाचली हैं और उनसे अधिक पहाड़ी बोली जानते हैं। सी.एल.पी. नेता ने कहा कि विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों से जयराम बौखलाए हुए हैं और लगता है कि अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष न तो बिकेगा और न झुकेगा। विपक्ष पूरी ताकत के साथ सरकार का विरोध करेगा। जयराम 15 वर्ष तो क्या सरकार चलाएंगे वह 5 वर्ष भी सरकार नहीं चला पाएंगे। अग्निहोत्री ने कहा कि विपक्ष को किसी के प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। वह कांगे्रस पार्टी द्वारा किए गए फैसले के अनुसार विधायक दल के नेता बने हैं। अपना कर्तव्य बखूबी निभा रहे हैं।


सी.एल.पी. नेता ने कहा कि जयराम विपक्ष की चिंता छोड़ दें और अपनी सरकार का संचालन करने की सोचें। प्रदेश में हजारों तबादले हो रहे हैं। तबादला उद्योग चल रहा है। शिमला में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि पूरे देश में ही नहीं बल्कि विश्व में भी विख्यात हुई। सी.एम. पूरी तरह से फेल हो गए। कसौली कांड और नूरपुर हादसे ने मुख्यमंत्री की विफलताओं को उजागर किया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय को आर.एस.एस. के लोग चला रहे हैं। आने वाले दिनों में वह खुलासा करेंगे कि मुख्यमंत्री किसके रिमोट से चलते हैं और कौन उनका सलाहकार बना हुआ है। एक भी निर्णय मुख्यमंत्री खुद नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें पूरी तरह से रिमोट से ही संचालित किया जा रहा है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News