मिट्ठू लड्डा पर किए अत्याचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : लाली

punjabkesari.in Tuesday, Jun 19, 2018 - 01:53 PM (IST)

धूरी (संजीव जैन): विधानसभा हलका धूरी के यूथ कांग्रेस के प्रधान मिट्ठू लड्डा पर हुए पुलिस अत्याचार के बाद आज कांग्रेस की लीडरशिप बड़ी संख्या में उसका हाल जानने के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल पहुंची। सिविल अस्पताल में मिट्ठू लड्डा का हाल जानने के लिए पहुंचे स्थानीय विधायक दलवीर सिंह गोल्डी, ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के महासचिव व पंजाब यूथ कांग्रेस के इंचार्ज हेमंत ओगले, सुरजीत सिंह धीमान विधायक अमरगढ़, यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अमरप्रीत सिंह लाली, पूर्व विधायक धनवंत सिंह, पंजाब यूथ कांग्रेस के महासचिव कमलजीत सिंह बराड़, दामन थिंद बाजवा हलका इंचार्ज सुनाम, पूनम कांगड़ा संगरूर, बनी खैहरा नाभा सहित कांग्रेस व यूथ कांग्रेस के अन्य नेताओं को मिट्ठू लड्डा ने पुलिस द्वारा किए गए अत्याचार बारे अवगत करवाया।

इस मौके पर यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अमरप्रीत सिंह लाली ने कहा कि पुलिस द्वारा किए गए इस अत्याचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरेन्द्र सिंह द्वारा फिलहाल एस.एच.ओ. गुरप्रताप सिंह को सस्पैंड कर मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में मिट्ठू लड्डा के बयानों के आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ पुलिस द्वारा इस तरह का व्यवहार करना निंदनीय है। इस मौके पर ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के महासचिव हेमंत ओगले ने कहा कि इस घटना से लगता है कि पुलिस लोगों पर हावी है तथा अगर यूथ कांग्रेस के स्थानीय प्रधान के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है तो आम लोगों के साथ पुलिस का व्यवहार कैसा होगा।

उन्होंने कहा कि इस संबंधी मुख्यमंत्री पंजाब तथा गृह मंत्री के साथ मीटिंग की जाएगी और इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की जाएगी। विधायक दलवीर सिंह गोल्डी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि मामला मुख्यमंत्री पंजाब के ध्यान में ला दिया गया है और प्रशासन द्वारा की गई इस धक्केशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक सुरजीत सिंह धीमान ने कहा कि मिट्ठू लड्डा को इंसाफ दिलाने के लिए यदि पार्टी से ऊपर उठकर भी कोई संघर्ष करना पड़ा तो वह पीछे नहीं हटेंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने स्वयं फोन पर मिट्ठू लड्डा से बात कर उसका हाल जाना और उसके साथ हुए पुलिसिया अत्याचार का कड़ा नोटिस लेते हुए बनती कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anjna

Recommended News