सरसाड़ी पहाड़ के पास खतरनाक जगह पर आधी रात तक फंसे सैकड़ों सैलानी

punjabkesari.in Tuesday, Jun 19, 2018 - 11:37 AM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): ऊपर काला कच्चा दरकता पहाड़ और नीचे उफनती पार्वती नदी और बीच में तंग सड़क, ऐसे डरावने स्थान पर दिन के समय कोई रुकना पसंद नहीं करता। कभी भी दरकती पहाड़ी से गिर रहे पत्थर लोगों को नुक्सान पहुंचा सकते हैं। कई बार पहाड़ी से लुढ़कते हुए पत्थर लोगों की जान तक ले चुके हैं। भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर स्थित सरसाड़ी पहाड़ के पास ऐसी खतरनाक जगह पर आधी रात तक सैकड़ों सैलानी फंसे रहे। छोटे-छोटे बच्चों के साथ पर्यटक वाहनों में सफर कर रहे कई सैलानी पानी के लिए पैदल ही 3-4 किलोमीटर तक दौड़े लेकिन फिर भी उन्हें पानी नसीब न हो सका। 
PunjabKesari

4-5 वोल्वो बसों के कारण लगे भयंकर ट्रैफिक जाम में मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के काफिले में शामिल कई अफसरों के वाहन भी फंसे रहे। हालांकि कसोल से लौटते समय मंत्री को भी भयंकर ट्रैफिक जाम के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि 4-5 वोल्वो बसें तंग सड़क पर न तो आगे हो पा रही थीं और न इन्हें चालक पीछे कर पा रहे थे। इन्हीं बसों की वजह से समस्या उत्पन्न हुई। उधर, घाटी के लोगों का कहना है कि जब वोल्वो बसें इस तंग सड़क से गुजर नहीं पा रही हैं और इनसे भयंकर ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो रही है तो इन्हें प्रशासन बंद क्यों नहीं कर देता। 
PunjabKesari

प्राकृतिक पेयजल स्रोत ढूंढकर बुझाई प्यास
इलाके के लोगों रविंद्र शर्मा, तारा चंद, बोबी, गुरदयाल सिंह व मेहर चंद आदि ने बताया कि आधी रात को कई पर्यटक वाहन भी ट्रैफिक जाम में फंसे रहे। उन्होंने बताया कि आधी रात तक कई सैलानियों को पानी तक नसीब न हो सका। कई सैलानी पानी की तलाश में पैदल ही आगे निकले लेकिन दुकानें बंद होने के कारण पानी नहीं मिल पाया। प्राकृतिक पेयजल स्रोतों को ढूंढकर सैलानियों ने प्यास बुझाई। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर वोल्वो बसों की आवाजाही फिलहाल बंद कर देनी चाहिए तभी जाम की समस्या खत्म होगी। उधर, टैक्सी आप्रेटर बताते हैं कि वे भी जाम की समस्या से परेशान हैं और वोल्वो बंद करने के लिए पहले ही मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री, डी.सी. कुल्लू, डी.एस.पी. हैडक्वार्टर, आर.टी.ओ. कुल्लू को भी लिखित में अवगत करवा चुके हैं।


इतने जवान तैनात फिर भी यह हाल
इलाके के इन लोगों ने कहा कि मणिकर्ण मार्ग पर तो फिलहाल सड़क चौड़ाई का काम भी नहीं चला है। हालांकि चंडीगढ़-मनाली सड़क पर डबललेन और फोरलेन निर्माण कार्य जारी है। ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए करीब 300 अतिरिक्त जवानों को भी लगाया गया है, ऐसे में मणिकर्ण मार्ग पर ऐसी समस्या नहीं होनी चाहिए। कुल्लू, वामतट मार्ग, मनाली व बजौरा में तो डबललेन और फोरलेन निर्माण को जाम का कारण मान सकते हैं लेकिन मणिकर्ण मार्ग पर इस समस्या के लिए किससे कहें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News