सरकारी बंगले में तोडफ़ोड प्रकरण में अखिलेश के खिलाफ तहरीर

punjabkesari.in Monday, Jun 11, 2018 - 11:29 AM (IST)

इलाहाबादः समाजवादी पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आवंटित सरकारी बंगला खाली करने पर उसमें हुई तोडफ़ोड़ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यसमिति सदस्य ने मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है।  

पुलिस सूत्रों ने बताया कि भाजपा कार्यसमिति कार्यकर्ता सुरेन्द्र कुमार चौधरी ने कल दोपहर बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लखनऊ के चार विक्रमादित्य स्थित आवंटित सरकारी आवास खाली करते समय की गई तोडफ़ोड़ प्रकरण को लेकर शिवकुटी थाने में तहरीर देकर मुकदमा लिखने की मांग की है।  

उन्होंने बताया कि चौधरी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे और उन्होंने अखिलेश के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे।  उन्होंने बताया कि मामला लखनऊ का है इसलिए जो भी कार्रवाई होगी वह लखनऊ में ही होगी। फिलहाल उनकी तहरीर ले ली गई है।  गौरतलब है कि भव्यता के लिए प्रसिद्ध चार विक्रमादित्य मार्ग स्थित बंगले को अखिलेश द्वारा खाली करने के बाद जब संपत्ति कर के कर्मचारी पहुंचे तो उन्हें सब टूटा-फूटा मिला। अखिलेश को इस बंगले को आवंटित किए जाने के बाद भव्य रूप देने के लिए उस पर कई करोड़ रूपया खर्च किया गया था।  

समाजवादी पार्टी (सपा) के फूलपुर सांसद नागेन्द्र सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए भाजपा किसी भी स्तर तक जा सकती है। लोगों में अखिलेश की छवि को खराब करने की नीयत से यह कुचक्र रचा गया है। उनका कहना है कि क्या कोई इंसान बाथरूम की टोंटी खोल कर ले जायेगा, यह गले उतरने वाली बात नहीं है। एक साधारण आदमी तो मकान खाली करते समय ऐसी ओछी हरकत करता नहीें, वह तो सूबे के मुख्यमंत्री रहे हैं।  सांसद ने सुरेश चौधरी के बारे में कहा कि वह बहुत जल्दी में हैं। वह भाजपा के आंखों के तारे बनने के लिए ऐसी हरकत कर रहे हैं। वह बहुत जल्दी कद्दावर नेता बनने का सपना संजो बैठे हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static