राजनाथ की पाक को चेतावनी और देश में निपाह वायरस का खौफ, पढ़िए अब तक की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, May 22, 2018 - 08:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजनाथ की पाकिस्तान को चेतावनी से लेकर देश में निपाह वायरस के खौफ तक हम आपके लिए लाए हैं ऐसी खबरें जो आप अपने व्यस्त शड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलिटेन में हम आपको हर क्षेत्र से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं। तो अब एक क्लिक में पढि़ए, देश-दुनिया से लेकर खेल जगत की अब तक की बड़ी खबरें।

तमिलनाडु के हिंसक प्रदर्शन में 11 लोगों की मौत, राहुल ने बताया- सरकार समर्थित आतंकवाद
तमिलनाडु के थूथुकुड़ी जिले में वेदांता कंपनी की स्टरलाइट कॉपर यूनिट के खिलाफ पिछले कई महीनों से जारी विरोध प्रदर्शन आज हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के साथ हुई झड़प में एक छात्रा सहित 11 लोगों की मौत हो गई तथा 17 से अधिक घायल हो गये। वहीं इसे लेकर राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसे ‘सरकार प्रायोजित आतंकवाद की बर्बर मिसाल’ करार दिया।

पाकिस्तान की हर गोली का करारा जवाब देंगे: राजनाथ
जम्मू-कश्मीर में सीमा पर संघर्ष विराम उल्लंघन कर पाकिस्तान की ओर से हो रही निरंतर गोलीबारी पर कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज सीमा सुरक्षा बल से कहा कि सीमा पार से आने वाली हर गोली का करारा जवाब दिया जाना चाहिए। सिंह ने यहां सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों के अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने पाकिस्तान के साथ सामान्य संबंध बनाने का हर प्रयास किया है लेकिन पड़ोसी देश अपने हथकंडों से बाज नहीं आ रहा है और सुरक्षा बलों को उसकी हर कार्रवाई का उचित जवाब देना चाहिए।

 'निपाह' वायरस: 48 घंटे में कोमा में जा सकता है मरीज, सरकार ने किया सतर्क
केरल में ‘निपाह’ विषाणु से तीन लोगों की मौत के बीच तमिलनाडु सरकार ने आज सीमावर्ती जिलों सहित अन्य जगहों पर बुखार के पीड़ितों की निगरानी बढ़ा दी और स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है। प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव जे राधाकृष्णन ने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि केरल से सटे जिलों (कोयम्बटूर , नीलगिरि और कन्याकुमारी) के अधिकारियों से ज्यादा सतर्क रहने और बुखार के पीड़ितों पर नजर रखने के लिए कहा गया है।

पेट्रोल-डीजल कीमत घटाने का फार्मूला निकाल रही है सरकार: अमित शाह
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि सरकार पेट्रोल डीजल की बढती कीमतों को लेकर गंभीर है। इस समस्या का कोई समाधान ढूंढ़ लिये जाने की उम्मीद है। शाह ने 14 अप्रैल से पांच मई तक चले ग्राम स्वराज अभियान की उपलब्धियां की जानकारी देने के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। 

आर्कबिशप का खत- खतरे में देश की धर्मनिरपेक्षता, भड़की BJP
दिल्ली के आर्क बिशप (कैथोलिक) अनिल काउटो की ओर से पिछले दिनों पादरियों को लिखे पत्र से राजनीतिक हलचल  पैदा हो गई। 8 मई को लिखे इस पत्र में आर्क बिशप ने ईसाई समुदाय से 2019 के चुनाव में नई सरकार के लिए विशेष प्रार्थना करने की बात कही है। इसमें कहा गया कि देश का जो राजनीतिक माहौल है, उसने लोकतांत्रिक सिद्धांतों और देश की धर्मनिरपेक्ष पहचान के लिए खतरा पैदा कर दिया। वहीं आर्क बिशप के इस खत को लेकर भाजपा ने भी पलटवार किया है।

निपाह वायरस: मरीज के लिए नर्स ने त्याग दी जिंदगी, मरने से पहले लिखा भावुक खत
खतरनाक निपाह वायरस के दस्तक ने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया। इस इंफेक्शन ने केरल के कोझिकोड जिले को सबसे ज्यादा अपनी चपेट में लिया जहां कई लोगों की मौत हो गई। वायरस के इस आतंक के बीच एक नर्स ने मिसाल कायम की। जिन्होंने रोगी को बचाने के लिए अपनी जान तक की बाजी लगा दी। केरल के पेराम्बूर में नर्स के रूप में काम करने वाली लिनी निपाह वायरस से पीड़ित दो भाइयों को बचाने के चक्कर में खुद इसकी चपेट में आ गई जिसके बाद रविवार को उनकी मौत हो गई। 

भाजपा के अच्छे दिनों को ले डूबेगा ग्रहों का करिश्माई चक्कर!
कर्नाटक में भाजपा द्वारा अपनी सरकार को बचाए रखने में विफलता के बाद अब अगले लोकसभा चुनाव 2019 में केन्द्र में किसकी सरकार बनेगी, इसे लेकर सियासी पटल पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। ज्योतिषी भी इस संबंध में भविष्यवाणियां करने में पीछे नहीं हैं। कनाडा के ज्योतिषी प्रो. पवन कुमार शर्मा के अनुसार भाजपा को इस समय सूर्य महादशा में शुक्र की अन्तर्दशा चल रही है, जो 19 जून 2018 तक रहेगी। शुक्र पर नीच राशि के चंद्रमा, नैप्च्यून, यूरेनस तथा शनि की दृष्टि है।

 हमने कांग्रेस को ऑफर किया था CM पद , उन्होंने ही ठुकराया: देवगौड़ा
 कर्नाटक में जे.डी.एस. और कांग्रेस के गठबंधन में नई सरकार बुधवार को बनने जा रही है। वहीं कुमारस्वामी के सीएम पद की शपथ ग्रहण से पहले नई सरकार के मुखिया को लेकर जारी बयानबाजी के बीच जे.डी.एस. सुप्रीमो और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री पद कांग्रेस को ऑफर किया था लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।

अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, गोलीबारी दौरान ली 8 साल के मासूम की जान
सीमा पार से अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आते हुए पाकिस्तान रविवार देर रात से फायरिंग कर रहा है।  गिड़गिड़ाने वाली पाकिस्तानी सेना ने अब फिर से अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी दौरान एक 8 साल के मामूस की मौत की खबर सामने आई है। 

पूर्वी अफगानिस्तान में तालिबान का हमला, 14 पुलिस अधिकारियों की मौत
अफगानिस्तान के पूर्वी गजनी प्रांत के कई जिलों में तालिबान के हमलों में कम से कम 14 पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई है। प्रांतीय परिषद के सदस्य हसन रजा युसूफी ने बताया कि दिह याक जिले में हुए हमले में पुलिस प्रमुख और रिजर्व पुलिस कमांडर समेत सात अधिकारियों की मौत हुई है,जबकि जगतु जिले में सात अन्य अधिकारियों की मौत हुई है।

कम हो सकते हैं तेल के दाम, पैट्रोलियम मंत्री की बैठक आज
पैट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों ने एक बार फिर देश में हड़कंप मचा दिया है। कर्नाटक चुनाव के समय पैट्रोल-डीजल के दाम स्‍थ‍िर थे और चुनाव समाप्‍त होते ही उसके दाम बढ़ने लगे। बढ़ते दामों पर लोगों ने सवाल भी उठाए। विपक्षी दलों ने भी सरकार पर हमलावर रुख अपना रखा है। अभी तक सरकार साफ कहती चली आ रही है कि दाम बढ़ने में उसकी कोई भूमिका नहीं है और तेल के दाम सरकार के नियंत्रण से बाहर हैं।

सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट
वैश्विक बाजार में दोनों कीमती धातुओं में रही भारी गिरावट के बीच खुदरा जेवराती मांग कमजोर पड़ने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 75 रुपए सस्ता होकर 31,875 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस दौरान औद्योगिक ग्राहकी की सुस्ती से चांदी भी 440 रुपए लुढ़ककर 40,760 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।

रवींद्र जडेजा की पत्नी पर पुलिसवाले ने किया हमला, गिरफ्तार
टीम इंडिया के क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रीवा पर सोमवार को यहां एक पुलिस कांस्टेबल ने हमला कर घायल कर दिया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेजुल ने यूनीवार्ता को बताया कि जडेजा के इस पैतृक शहर में आज शाम रीवा की चार पहिया गाड़ी यहां सी डिवीजन थाने के कांस्टेबल संजय कंजारिया की मोटरसाइकिल से टकरा गई।

 कंटेस्टेंट की परेशानियों को सुनकर सलमान ने उठाया ये कदम
बाॅलीवुड एक्टर सलमान खान इन दिनों अपने टीवी शो 'दस का दम’ की शूटिंग में बिजी हैं। एक खबर के अनुसार शू़टिंग के दौरान शो की पहली कंटेस्टेंट बेहोश हो गईं। 40 साल की इस महिला कंटेस्टेंट ने सलमान को अपनी परेशानियों और पैसों की तंगी के बारे में बताया। महिला ने कहा कि पैसों की कमी के कारण उन्हें प्राइवेट स्कूल से अपने बेटे का एडमिशन कैंसल करवाना पड़ा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News