''भारत दुनिया का छठा सबसे अमीर देश, कुल संपत्ति 8,230 अरब डॉलर''

punjabkesari.in Sunday, May 20, 2018 - 02:07 PM (IST)

नई दिल्लीः भारत दुनिया का छठा सबसे अमीर देश बन गया है। देश की दौलत 559 लाख करोड़ रुपए (8,230 अरब डॉलर) से ज्‍यादा हो गई है। यह बात AFR एशिया बैंक ग्‍लोबल वेल्‍थ माइग्रेशन रिव्‍यू से सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया का सबसे अमीर देश अमेरिका बना हुआ है। अमेरिका की दौलत 62,584 अरब डॉलर (42.54 लाख अरब रुपए से ज्‍यादा) है। लिस्‍ट में दूसरे पायदान पर 24,803 अरब डॉलर के साथ चीन और तीसरे पायदान पर 19,522 अरब डॉलर के साथ जापान का स्‍थान रहा। 

टॉप 10 लिस्‍ट के अन्‍य देश 
बैंक की समीक्षा में किसी देश के हर व्यक्ति की कुल निजी संपत्ति को आधार माना गया है। शीर्ष 10 में शामिल अन्य देशों में ब्रिटेन की कुल संपत्ति 9,919 अरब डॉलर, जर्मनी की कुल संपत्ति 9,660 अरब डॉलर, ऑस्ट्रेलिया की कुल 6,142 अरब डॉलर, कनाडा की कुल संपत्ति 6,393 अरब डॉलर, फ्रांस की कुल संपत्ति 6,649 अरब डॉलर और इटली की कुल संपत्ति 4,276 अरब डॉलर है।

भारत में संपत्ति सृजन के कारण
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में संपत्ति सृजन के कारणों में उद्यमियों की काफी संख्या, अच्छी शिक्षा प्रणाली, सूचना प्रौद्योगिकी का शानदार परिदृश्य, कारोबारी प्रक्रिया कि आउटसोर्सिंग, रियल एस्टेट, हैल्थकेयर और मीडिया क्षेत्र शामिल है। पिछले 10 वर्ष में इनकी संपत्ति में 200 गुना तेजी दर्ज की गई है। बैंक ने कहा कि आने वाले दशक में चीन की संपत्ति में उल्लेखनीय वृद्धि होने वाली है। वर्ष 2027 तक चीन की संपत्ति बढ़कर 69,449 अरब डॉलर और अमेरिका की संपत्ति बढ़कर 75,101 अरब डॉलर हो जाएगी।

2027 तक भारत विश्व का चौथा सबसे धनी देश बन जाएगा 
रिपोर्ट के अनुसार विश्व में अभी 1.52 करोड़ ऐसे लोग हैं जिनकी संपत्ति 10 लाख डॉलर से अधिक है। एक करोड़ डॉलर से अधिक की संपत्ति वाले लोगों की संख्या 5.84 लाख और एक अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति वाले लोगों की संख्या 2,252 है। रिपोर्ट के अनुसार 2027 तक भारत, ब्रिटेन और जर्मनी को पछाड़ विश्व का चौथा सबसे धनी देश बन जाएगा।    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News