जयराम सरकार ने खोला नौकरियों का पिटारा, 1235 TMPA सहित बंपर भर्तियों को दी मंजूरी

punjabkesari.in Friday, Apr 27, 2018 - 09:12 AM (IST)

शिमला (पत्थरिया): लंबी माथापज्जी के बाद प्रदेश सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम में परिवहन बहुद्देश्यीय सहायक (टी.एम.पी.ए.) के 1,235 पद भरने को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे परिवहन निगम में कंडक्टरों की कमी को दूर किया जा सकेगा, साथ ही सड़क पर खड़ी करीब 100 बसें अब विभिन्न रूटों पर चल सकेंगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व सरकार के समय टी.एम.पी.ए. पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसके लिए करीब 28,000 ने लिखित परीक्षा दी थी। इस परीक्षा को लेकर धांधलियों के आरोप लगे थे, जिसके चलते प्रदेश सरकार ने लंबी मंत्रणा करने के बाद निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल बैठक में टी.एम.पी.ए. भर्ती पर मोहर लगाई गई है। 


बैठक में राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कुल्लू जिला के मनाली स्थित लेडी विलिंगडन अस्पताल की सहायता से हैली मिशन स्विट्जरलैंड की तरफ से संचालित की जाने वाली नि:शुल्क हैली एम्बुलैंस सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय स्वास्थ्य परिवहन सेवाओं को सुदृढ़ करने और विशेषकर राज्य के दूरदराज तथा जनजातीय क्षेत्रों के मरीजों को समय पर हवाई सेवा से अस्पताल पहुंचाने में मददगार साबित होगा। मंत्रिमंडल ने कुल्लू जिले में स्वास्थ्य उपचार परिवर्तन परियोजना यानी टाटा डिजिटल नरवज सैंटर प्लेटफार्म की स्थापना के लिए मंजूरी प्रदान की। डी.आई.एन.सी. एक सेवा नेतृत्व मंच मॉडल है और आपसी संचार की सुविधा प्रदान करता है। यह मूल लक्षणों की जांच करने में मदद करता है, चिकित्सक परामर्श की सुविधा प्रदान करता है तथा फॉलोअप के लिए अलर्ट भेजने और रोगियों के रिकार्ड का प्रबंधन करता है।  


क्लर्क व जे.ई. सहित विभिन्न श्रेणियों के 425 पद भरने व सृजन को अनुमति
मंत्रिमंडल ने विभिन्न श्रेणियों के 425 पद भरने/सृजित करने को भी अपनी अनुमति प्रदान की है। इसके तहत हिमाचल प्रदेश सचिवालय प्रशासन विभाग (एस.ए.डी.) में सीधी भर्ती से अनुबंध आधार पर लिपिकों के 200 पद तथा जूनियर स्केल स्टैनोग्राफर के 25 पदों को भरा जाएगा। लोक निर्माण विभाग में अनुबंध आधार पर जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 100 पद तथा जूनियर इंजीनियर (मैकेनिकल) के 20 पद भर जाएंगे। लोक निर्माण विभाग में अनुबंध आधार पर सहायक अभियंता (सिविल) के 25 पद, सहायक अभियंता (इलैक्ट्रिकल) के 2 पद, आयुर्वेद विभाग में राज्य औषधीय पौध बोर्ड के अंतर्गत कंसल्टैंट के 2 पद तथा डाटा एंट्री आप्रेटर के 2 पद भरने को भी मंजूरी प्रदान की गई।


108 के लिए होगी 26 एम्बुलैंस की खरीद
राष्ट्रीय एम्बुलैंस सेवा-108 के तहत पुरानी एम्बुलैंस खरीदने का निर्णय भी लिया गया। इसके तहत 26 नई एम्बुलैंस की खरीद होगी। इससे पुरानी एम्बुलैंस को भी बदला जाएगा। मंत्रिमंडल की बैठक में इस निर्णय पर स्वीकृति की मोहर लगा दी गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News