धोनी के 'छक्के' से जीता चेन्नई, बेंगलुरू को 5 विकेट से दी करारी हार

punjabkesari.in Thursday, Apr 26, 2018 - 12:30 AM (IST)

बेंगलुरूः अंबाती रायुडू की 82 और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की नाबाद 70 रन की कमाल की पारियों से चेन्नई सुपर किंग्स ने बड़े स्कोर वाले मुकाबले में विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की आईपीएल 11 के मुकाबले में बुधवार को दो गेंद शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया। बेंगलुरु ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन का मजबूत स्कोर बनाया लेकिन रायुडू और धोनी के कमाल से चेन्नई ने 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 207 रन बनाकर मैच जीत लिया। धोनी ने एक बार फिर विजयी छक्का मारा। 

चेन्नई की शुरूआत रही थी खराब
मजबूत लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई की शुरुआत खराब रही। शेन वाटसन मात्र सात रन बनाकर लेफ्ट आर्म स्पिनर पवन नेगी का शिकार बन गए। सुरेश रैना 11 रन ही बना सके और उमेश यादव ने उन्हें मनदीप सिंह के हाथों कैच करा दिया। सैम बिलिंग्स नौ रन बनाने के बाद लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की गेंद पर स्टंप हो गए। रवींद्र जडेजा जब तीन रन बनाकर चहल की गेंद को बैकफुट पर जाकर खेलने की कोशिश में बोल्ड हुए तो चेन्नई का स्कोर नौ ओवर में चार विकेट पर 74 रन हो गया।  इसके बाद मैदान पर उतरे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपना पहला स्कोरिंग शॉट छक्का मारा। धोनी के उतरने के साथ ही मैच का रंग बदलने लगा। दूसरे छोर पर डटे अंबाटी के ऊपर से भी दबाव हट गया और वह भी खुल कर खेलने लगे। 

धोनी ने पारी में लगाए 7 छक्के
मैदान पर चौके- छक्के बरसने लगे और दोनों के बीच 100 रन की साझेदारी 8.4 ओवर में पूरी हो गयी।  लेकिन हर बार की तरह ड्रामा अभी बाकी था। शतक की तरफ बढ़ रहे रायुडू दूसरा रन लेने के चक्कर में उमेश यादव के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए। रायुडू ने 53 गेंदों पर 82 रन की पारी में तीन चौके और आठ छक्के लगाए। रायडू का विकेट 175 के स्कोर पर गिरा। रायुडू के आउट होने के बाद जिम्मेदारी धोनी और ड्वेन ब्रावो पर आ गई। धोनी ने 19वें ओवर की पांचवी गेंद पर मोहम्मद सिराज पर छक्का मारा और चेन्नई का स्कोर 185 रन पहुंच गया। सिराज ने फिर दबाव में लगातार तीन वाइड गेंद फेंकी। 19 ओवर समाप्त होने पर चेन्नई का स्कोर 190 रन पहुंच चुका था और आखिरी ओवर में उसे जीत के लिए 16 रन चाहिए थे।  आखिरी ओवर में कोरी एंडरसन की पहली गेंद ब्रावो ने चौका निकाल दिया और अगली गेंद पर छक्का मार दिया। चेन्नई का स्कोर अब 200 रन हो गया। धोनी ने चौथी गेंद पर छक्का मारकर मैच समाप्त कर दिया। धोनी ने 34 गेंदों पर नाबाद 70 रन में सात छक्के लगाए।

इससे पहले बेंगलुरु ने क्विंटन डी कॉक और एबी डिविलियर्स के अर्धशतकों से बेंगलुरु ने आठ विकेट पर 205 रन का मजबूत स्कोर बनाया। दोनों ने कप्तान विराट कोहली 18 का विकेट 35 के स्कोर पर गिरने के बाद दूसरे विकेट के लिए 103 रन की जबरदस्त साझेदारी की।डी कॉक ने 37 गेंदों पर 53 रन की पारी में एक चौके और चार छक्के लगाए जबकि डिविलियर्स ने मात्र 30 गेंदों 68 रन दो चौके और आठ शानदार छक्के उड़ाए।  दक्षिण अफ्रीका के डिविलियर्स के तूफान को उनके ही देश के लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने सैम बिलिंग्स के हाथों कैच करा कर थामा। डी कॉक का विकेट ड्वेन ब्रावो ने अपनी गेंद पर उन्हें कैच कर लिया। विराट को शार्दुल ठाकुर ने आउट किया। विराट ने 15 गेंदों पर 18 रन में तीन चौके लगाए। मनदीप सिंह ने 17 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के लगाते हुए 32 रन ठोके। कोलिन डी ग्रैंडहोम ने सात गेंदों में 11 और वाशिंगटन सुन्दर ने मात्र चार गेंदों में 13 रन बनाकर बेंगलुरु को 200 के पार पहुंचा दिया।  चेन्नई की तरफ से ठाकुर ने 46 रन पर दो विकेट, ताहिर ने 35 रन पर दो विकेट और ब्रावो ने 33 रन पर दो विकेट लिए। हरभजन सिंह ने दो ओवर में 24 रन और रवींद्र जडेजा ने दो ओवर में 22 रन लुटाए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News