सी.आई.ए. स्टाफ को भाजपा नेता से उलझना पड़ा महंगा, सब-इंस्पेक्टर सहित 3 को किया लाइनहाजिर

punjabkesari.in Wednesday, Apr 25, 2018 - 10:59 AM (IST)

जींद(प्रदीप): युवा भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष और उनके साथियों के साथ कथित रूप से मारपीट करना तथा रिवाल्वर दिखाकर गोली मारने की धमकी देना सी.आई.ए. स्टाफ पुलिस कर्मचारियों को महंगा पड़ गया। एस.एस.पी. डा. अरुण सिंह ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सी.आई.ए. स्टाफ में तैनात सब-इंस्पेक्टर सहित 3 पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

यह था पूरा मामला 
अहिरका गांव के युवा भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जयदेव, दिव्यांग उपेंद्र, बलराज, दीपक व विजय ने एस.एस.पी. को दी शिकायत में बताया था कि रविवार को वह गाड़ी लेकर रिश्तेदारी में गए हुए थे। रात को गाड़ी खराब होने तथा मैकेनिक के नहीं आने पर पांचों बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। सफीदों गेट पर सी.आई.ए. स्टाफ की टाटा सूमो गाड़ी ने उन्हें रोक लिया। इसमें एक वर्दीधारी के अलावा 3 अन्य कर्मचारी भी थे। 

शिकायत में कहा गया था कि यह पुलिस कर्मचारी शराब के नशे में धुत्त थे। बाइक के रुकवाते ही सूमो सवार पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। भाजपा युवा मंडल अध्यक्ष जयदेव ने खुद का परिचय भी दिया लेकिन उसकी एक नहीं सुनी। दिव्यांग उपेंद्र ने विरोध किया तो उसे बेरहमी से पीटा गया। यहां तक कि एक कर्मचारी ने रिवाल्वर निकालकर गोली मारने की धमकी भी दी और उपेंद्र का मोबाइल छीन लिया।

शिकायत पर एस.एस.पी. ने की कार्रवाई
युवा भाजपा मंडल अध्यक्ष जयदेव और उसके साथियों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एस.एस.पी. डा. अरुण सिंह ने सी.आई.ए. स्टाफ में तैनात सब-इंस्पेक्टर नफेसिंह, हवलदार राधे तथा विनोद को लाइनहाजिर कर दिया और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए। डी.एस.पी. रामभज ने बताया कि मारपीट करने वाले तीनों पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया गया है। तीनों कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static