कैप्टन अमरेंद्र सिंह की उपस्थिति में सभी मंत्रियों ने संभाले पद

punjabkesari.in Tuesday, Apr 24, 2018 - 10:38 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब के सभी नए 11 कैबिनेट मंत्रियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह की उपस्थिति में अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभाला। बेशक सिंगला ने गत दिवस कार्य संभाल लिया था परंतु उन्होंने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में फिर से औपचारिक तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाली। 

मुख्यमंत्री अपने नए कैबिनेट साथियों को कुर्सी पर बैठाने के लिए सचिवालय में 7वीं मंजिल से शुरू होकर नीचे की मंजिलों तक उनके कार्यालयों में गए। 7वीं मंजिल पर पशुपालन, डेयरी विकास और श्रम मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के पद संभालने के मौके पर सत्कार के तौर पर सुखमणि साहिब का पाठ करवाया गया। मुख्यमंत्री ने इसी मंजिल पर बिजली मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ और खाद्यएवं सिविल सप्लाई व उपभोक्ता संबंधी मंत्री भारत भूषण आशु द्वारा पद संभालने के मौके पर उनको बधाई दी।

इसके बाद में कैप्टन अमरेंद्र सिंह अन्य सीनियर पार्टी साथियों के साथ खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी को कार्यभार संभालने के लिए छठी मंजिल पर गए। फिर मुख्यमंत्री पांचवीं मंजिल पर गए जहां उनकी उपस्थिति में लोक निर्माण तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री विजय इंद्र सिंगला, राजस्व मंत्री सुखविंद्र सिंह सुख सरकारिया और उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने अपने-अपने कार्यालयों में कार्यभार संभाला। अंत में शिक्षा एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. सोनी तथा सहकारिता एवं जेल मंत्री सुखजिंद्र सिंह रंधावा ने भी मुख्यमंत्री की उपस्थिति में पद संभाला। प्रत्येक मंजिल पर जोश से भरे वर्करों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा मंत्री रजिया सुल्ताना के भी कार्यालय गए जिनको हाल ही में हुए कैबिनेट के विस्तार में राज्य मंत्री से तरक्की देकर कैबिनेट रैंक दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vaneet

Recommended News

Related News