योगी की रात्रि चौपाल ढोंग के अलावा कुछ नहीं है: अखिलेश

punjabkesari.in Tuesday, Apr 24, 2018 - 08:04 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की रात्रि चौपाल ढोंग के अलावा कुछ नहीं है। 

अखिलेश यादव ने आज यहां जारी बयान में कहा कि कल जब मुख्यमंत्री प्रतापगढ़ के एक गांव में रात्रि चौपाल में जनता से रूबरू हुए तो उन्हें अपनी सरकार के ढोल के पोल का अंदाजा हो गया। जनता को झूठे वादों से भरमाने की भाजपा सरकार की रीति-नीति का खुलासा आंखे खोल देने वाला हैं। उन्होंने कहा कि यह बात तो उजागर हो गई है कि भाजपा सरकार से किसान, नौजवान, महिला, छात्र, अल्पसंयक, व्यापारी भी संतुष्ट नहीं है। इन सबके साथ धोखा हुआ है।  

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पिछले दिनों गोरखपुर में गेहूं क्रय केंद्रो पर गये तो वहां बोरा भी उपलब्ध नहीं करा पाये। क्रय केन्द्रों पर पैसा नहीं है। मुख्यमंत्री गेहूं क्रय केन्द्र पर गए तो उन्हें पता चला कि गेहूं की खरीद में अधिकारियों की दिलचस्पी नहीं है। किसान को उसकी फसल का निर्धारित मूल्य 1735 रूपए भी नहीं मिल रहा है। 

अखिलेश यादव ने कहा कि आलू खरीद का सरकारी मूल्य 549 रूपए प्रति कुंतल है पर किसान को वह दाम भी नहीं मिला। वैसे आलू के उत्पादन की लागत प्रति हजार रूपए कुंतल आती है। सरकारी घोषणाएं उनके लिए मजाक साबित हुई है। गन्ना किसानों के साथ भी ऐसा किया गया है। मिल मालिक गन्ना पेराई बंद करना चाहते हैं जबकि किसान का गन्ना खेत में खड़ा है। किसान को मजबूरन गन्ने को जलाना पड़ेगा। गन्ना किसानों का 9429.19 करोड़ रूपये अभी भी चीनी मिलों पर बकाया है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा की नीति किसान और जनविरोधी है। उसकी योजनाएं जमीन पर नहीं फाइलों में फलती फूलती हैं। मुख्यमंत्री को पता चल गया कि शौचालय के नाम पर सिर्फ गड्ढे खुदते हैं। राशन का कोटा बाजार में चला जाता है। जनता ने बताया कि हर काम के लिए उन्हें घूस देनी पड़ती है। मुख्यमंत्री को जनता ने सच्चाई से सामना करा दिया है कि उनके राज में किसान की दुर्दशा है।  

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर किसान और नौजवान कह रहा है कि भाजपा से बेहतर तो समाजवादी सरकार का राज था । समाजवादी सरकार में किसान को खाद-बीज की सुविधा थी। सिंचाई मुत थी। गांव-खेती को प्राथमिकता थी। बजट की 75 प्रतिशत धनराशि गांव-किसान के लिए रखी गई थी। समाजवादी सरकार ने वर्ष 2016-17 को किसान वर्ष घोषित किया गया था। 

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में अपराधों पर नियंत्रण नहीं है और भ्रष्टाचार खूब फलफूल रहा है। उनके स्वच्छ, पारदर्शी प्रशासन और जनता की खुशहाली के दावे हकीकत से बहुत दूर है। यह भी स्पष्ट हो गया है कि रात्रि विश्राम का सरकारी आयोजन केवल जनता की आंख में धूल झोंकने का प्रयास है, लेकिन अब जनता जागरूक है और वह भाजपा से बहकने वाली नहीं है। जनता भाजपा की सच्ची कहानी वर्ष 2019 के आम चुनाव में लिखेगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News

static