भाजपा सरकार के जुल्म से तंग महिलाएं दुर्गा बन करेंगी सत्ता परिवर्तन: सुमित्रा चौहान

punjabkesari.in Tuesday, Apr 24, 2018 - 04:18 PM (IST)

भिवानी(अशोक भारद्वाज): कांग्रेस पार्टी की महिला प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि देश में आधी आबादी महिलाओं की है, जो सरकार के जुल्मों से तंग हो चुकी है और अब दुर्गा बनकर सत्ता परिवर्तन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर ही देश व लोकतंत्र सुरक्षित होगा और विधानसभाओं व लोकसभा में 33 फिसदी से ज्यादा संख्या महिलाओं की होगी। सुमित्रा चौहान 29 अप्रैल की दिल्ली में होने वाली राहुल गांधी की जन-आक्रोश रैली का निमंत्रण देने भिवानी पहुंची थी।

इस दौरान उन्होंने जिला प्रधान प्रेमवती गोयत के आवास पर महिलाओं की बैठक ली। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जन-आक्रोश रैली में हरियाणा से 15 हजार और भिवानी से एक हजार महिलाएं पहुंचेंगी और भाजपा सरकार के ताबूत में कील का काम करेंगी। 

चौहान ने कहा कि चार साल पहले भाजपा सरकार ने किसानों, जवानों, नौजवानों, महिलाओं व व्यापारियों को गुमराह कर सत्ता पा ली, लेकिन आज सरकार से हर वर्ग दुखी होकर आंदोलनरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बढ़ते अपराध, महंगाई व बेरोजगारी की मार सबसे ज्यादा महिलाओं पर पड़ती है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने हरियाणा से नारा तो बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का दिया, लेकिन उस नारे को अपराधी बचाओ और अपराधियों को संरक्षण दो में बदल दिया। चौहान ने आरोप लगाया कि चार साल में महिलाओं पर अत्याचार व उत्पीडऩ में चार गुणा बढ़ोत्तरी हुई है।

चौहान ने कहा कि मेवाल में छोटी बच्ची के साथ रेप की घटना को मुख्यमंत्री छोटी सी घटना बताते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे में हमारे सीएम व पीएम इससे बड़ी घटना क्या करवाना चाहते हैं? चौहान ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार बनने पर ही देश व लोकतंत्र सुरक्षित होगा और देश की विधानसभाओं व लोकसभा में महिलाओं की भागीदारी 33 फीसदी से भी ज्यादा होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static