शराब पीकर पत्नी से करता था मारपीट, झगड़ा बढ़ने पर गला घोंटकर की पत्नी की हत्या

punjabkesari.in Tuesday, Apr 24, 2018 - 11:49 AM (IST)

डेराबस्सी (गुरप्रीत): मुहल्ला खटीक में एक प्रवासी व्यक्ति ने चुन्नी से गला घोंटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह घर को ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी व्यक्ति करीब एक हफ्ता पहले ही परिवार के साथ सतीश कुमार के मकान में किराए पर रहने आया था। पुलिस ने बताया कि मृतका के दो बच्चे एक सात वर्षीय बेटा और 3 वर्षीय बेटी है। 

 

शराब पीकर पत्नी से करता था मारपीट 
यू.पी. से काम की तलाश में आरोपी विक्रम वासी कैलीगांव थाना हयातनगर जिला संभल, यू.पी. परिवार के साथ यहां आया था। पड़ोसियों ने बताया कि मृतका सुशीला देवी (30) व उसका पति मजदूरी करते थे। सुशीला रोजाना मजदूरी पर जाती थी जबकि उसका पति कभी-कभी जाता था। इसी बात को लेकर दोनों में कलेश रहता था। जब विक्रम शराब पीकर घर आता तो सुशील उसका विरोध करती थी। 

 

अकसर वह अपनी पत्नी के साथ शराब के नशे में मारपीट करता था। बीती रात भी दोनों में झगड़ा हुआ। गुस्से में विक्रम ने चुन्नी से सुशीला का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घर में दोनों बच्चे सोये हुए थे। सुबह जब उठकर उन्होंने देखा कि उनकी मां मृत हालत में पड़ी है तो उन्होंने शोर मचाया। बच्चों की चीखें सुनकर आसपास के लोग आए। 

 

पहले तो लोगों ने घर के बाहर लगे ताले से समझा कि घर में कोई नहीं है लेकिन जब खिड़की से देखा कि बच्चों की अंदर हैं, तो ताला तोड़कर दरवाजा खोला। थाना प्रभारी महिंदर सिंह ने बताया कि यह मकान मृतका के नजदीकी रिश्तेदार सीमा पत्नी हरि सिंह, थाना बनीढ़ेर ने ही उनको दिलाया था। सुशीला गांव सैंजनी, थाना बनीढेर जिला मुरादाबाद की रहने वाली थी। सुशीला के मायके वालों को सूचित कर दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News