कड़े कानून के बावजूद महिला अपराधों में तेजी, रोहतक टॅाप पर

punjabkesari.in Monday, Apr 23, 2018 - 11:02 AM (IST)

रोहतक(देवेंद्र दांगी): महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों को रोकने के लिए चाहे सख्त कानून बनाए जा रहे हों लेकिन हरियाणा जैसे प्रगतिशील राज्य में जमीनी स्तर पर कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा। छेड़छाड़ एवं यौन हिंसा के हाल ही में लगातार सामने आए मामलों ने एक बार फिर महिलाओं के प्रति पुरुष प्रधान समाज के नजरिए पर गंभीर चर्चा छेड़ दी है। खास बात यह भी है कि अर्बन एरिया ही नहीं बल्कि ग्रामीण अंचल एवं छोटे कस्बों तथा उभरते शहरों तक में महिलाओं के प्रति हो रहे अपराधों में इजाफा हुआ है

हरियाणा की राजनीतिक राजधानी कहे जाने वाले रोहतक सहित आसपास के कई जिलों में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की तुलना पिछले साल से करें तो वर्तमान स्थिति चौंकाने वाली है। यह भी पता चला कि आए रोज अपराध कम होने का दावा करने वाले नेता सरेआम झूठ बोलते हैं। पड़ताल में खुलासा हुआ कि मामला छेड़छाड़ का हो या फिर बलात्कार का, तकरीबन में तेजी दर्ज हुई है। इस सूरत में कई एन.जी.ओ. के साथ-साथ महिला एवं सामाजिक संगठनों तथा कालेज जाने वाली बहन-बेटियों ने भी अपनी आवाज उठाई है। 

एक स्वर बुलंद हुआ है कि अत्याचार बहुत हुआ, अब इस पर सख्ती से रोक लगनी ही चाहिए। आवाज उठी है कि बेटियों पर पाबंदियां लगाने वाला हमारा पुरुष प्रधान समाज बेटों को अच्छे संस्कार दे और उनको मर्यादा में रहना सिखाए। महिलाओं के प्रति अपराध में रोहतक टॉप पर 2018 में अब तक के आंकड़ों को ही देखें तो मालूम पड़ता है कि रोहतक, झज्जर, सोनीपत, भिवानी के अलावा चरखी-दादरी आदि क्षेत्रों में छेड़छाड़ के मामलों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उपरोक्त जिलों में 18 अप्रैल, 2018 तक छेड़छाड़ के कुल 273 केस दर्ज किए गए हैं जो पिछले साल से 174 ज्यादा हैं। छेड़छाड़ के मामलों में रोहतक टॉप पर है। रोहतक में पिछले साल इस अवधि में 27 केस दर्ज हुए थे जबकि इस बार यह आंकड़ा 98 पर पहुंच गया है। 

इसी प्रकार झज्जर में 33, सोनीपत में 52, भिवानी में 47 और दादरी में 43 केस छेड़छाड़ के रजिस्टर किए गए हैं। 3 महीने और 18 दिन में पुलिस रेंज के अंतर्गत आने वाले 5 जिलों में बलात्कार के कुल 98 केस रिपोर्ट हुए हैं जो पिछले साल से 39 अधिक हैं। रोहतक में अब तक 29 रेप केस दर्ज हो चुके हैं। भिवानी में पिछले साल के बजाय 13 रेप केस अधिक दर्ज हो चुके हैं। सोनीपत में 25 और झज्जर में 9 मामले रिपोर्ट हुए हैं। इन सभी जिलों में बलात्कार की घटनाओं में पिछले साल की बजाय इस बार इजाफा दर्ज हुआ है

आई.पी.सी. 354 में दर्ज छेड़छाड़ के केस
जिला           2017        2018
रोहतक        27               98
झज्जर        14               33
सोनीपत       26              52
भिवानी        21               47
दादरी           11              43
कुल मामले   99              273

आई.पी.सी. 376 में दर्ज बलात्कार के केस
जिला    2017    2018

रोहतक      15            29
झज्जर       05            09
सोनीपत     19            25
भिवानी      14            27
दादरी          06           08
कुल मामले   59           98


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static