भारत-पाकिस्तान में कोल्ड वॉर: 22 वर्षों से भारत में गायब हैं 15 पाकिस्तानी

punjabkesari.in Monday, Apr 23, 2018 - 07:41 AM (IST)

अमृतसर: कभी हिंदू धार्मिक स्थलों की यात्रा की आड़ में तो कभी क्रिकेट वीजा की आड़ में पाकिस्तान की खुफिया एजैंसी आई.एस.आई. अपने जासूसों को भारत में किसी न किसी प्रकार एंट्री करवा रही है। पाकिस्तान से सटे अटारी बार्डर की ही बात कर लें तो पता चलता है कि वर्ष 1995 में भारत में दाखिल हुए 15 पाकिस्तानी नागरिक आज भी गायब हैं।

सुरक्षा एजैंसियां इनको ट्रेस करने में नाकाम रही हैं।जानकारी के अनुसार ये पाकिस्तानी नागरिक लखनऊ में होने वाले भारत-पाक क्रिकेट मैच देखने के लिए वाया अटारी बार्डर सड़क मार्ग से भारत में दाखिल हुए थे और इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए, लेकिन दिल्ली के बाद कहां गायब हो गए इसके बारे में सुरक्षा एजैंसियों को आज भी कोई जानकारी नहीं है। एक पाकिस्तानी नागरिक दिल्ली पुलिस के हत्थे जरूर चढ़ा था, लेकिन उससे भी अन्य गायब हुए पाकिस्तानी नागरिकों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। यही कारण है कि आज पाकिस्तानी नागरिकों को उतना फ्री वीजा भारत सरकार नहीं देती है जितना पहले दिया करती थी। आए दिन भारत-पाकिस्तान के बीच बिगड़ रहे हालात उन यात्रियों के लिए और भी ज्यादा मुश्किल पैदा कर रहे हैं जो किसी जायज कारण से यात्रा करते हैं।


अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में भी 220 पाक व्यापारियों को नहीं मिला वीजा
अमृतसर में हर वर्ष लगने वाले अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में भी इस बार भारत सरकार ने पाकिस्तान के 220 से ’यादा व्यापारियों को वीजा नहीं दिया है। उसके पीछे भी बड़ा कारण भारत-पाक के बिगड़ रहे हालात हैं, जबकि लाहौर चैंबर ऑफ कामर्स, कराची चैंबर, गुजरांवाला चैंबर, सरगौदा चैंबर, इस्लामाबाद चैंबर ऑफ कामर्स, बलोचिस्तान चैंबर ऑफ कामर्स व सिन्ध चैंबर ऑफ कामर्स के व्यापारी भारी गिनती में अमृतसर में चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल होते रहे हैं।

मुंबई निवासी इंजीनियर हामिद अंसारी भी फंसा था हनी ट्रैप में
मुंबई का रहने वाला इंजीनियर हामिद निहाल अंसारी को भी पाकिस्तानी खुफिया एजैंसी आई.एस.आई. ने अपने हनी ट्रेप में फंसाया था जो आज पाकिस्तान की जेल में पिछले 5 वर्षों से कैद है, लेकिन पाकिस्तान सरकार उसको रिहा नहीं कर रही है। हामिद को फेसबुक पर पाकिस्तानी लड़की से प्यार हुआ और वह पेशावर के रास्ते पाकिस्तान पहुंच गया, लेकिन जिस होटल में पाकिस्तानी लड़की ने हामिद को बुलाया वहां पर पाकिस्तानी एजैंसी आई.एस.आई. के अधिकारी बैठे हुए थे जो हामिद को इसलिए गिरफ्तार करने का दावा कर रहे हैं कि वह पाकिस्तान में जासूसी करने के लिए आया था। 

भारतीय सैन्य अधिकारियों व युवाओं को हनी ट्रैप में फंसा रही आई.एस.आई.
भारतीय सेना चाहे थल सेना हो या फिर वायु सेना, इनके अधिकारियों को पाकिस्तानी खुफिया एजैंसी हनी ट्रैप में फंसा रही है। इसकी पुष्टि केन्द्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से लगातार की जा रही है। लेकिन सैन्य अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय युवाओं को भी पाकिस्तानी खुफिया एजैंसी आई.एस.आई. अपने ट्रैप में फंसा रही है। हाल ही में पाकिस्तानी युवक के साथ शादी करने वाली किरण बाला इसका बड़ा सबूत है और शनिवार को अटारी रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ वापस न लौटे नौजवान युवक अमरजीत सिंह का केस भी एक जैसा लग रहा है। अमरजीत जिसकी आयु करीब 25 वर्ष है, उसका गायब होना सुरक्षा एजैंसियों के लिए सिरदर्द बन चुका है।  इतना ही नहीं अभी एक महीना पहले ही पाकिस्तान से आए एक जत्थे से मुस्लिम नौजवान का गायब हो जाना और फिर किसी हिन्दू लड़की से मिलते हुए पकड़ा जाना यह सबूत है कि पाकिस्तानी आई.एस.आई. एजैंसी भारतीय युवाओं को हनी ट्रैप में फंसा रही है। इस मामले में पता चला है कि ज्यादातर बेरोजगार नौजवान पाकिस्तानी एजैंसी के शिकार हो रहे हैं क्योंकि ऐसे युवाओं को फंसाने के लिए आई.एस.आई. भारी-भरकम राशि खर्च कर रही है। इसके अलावा पाकिस्तान में शरण लिए बैठे खालिस्तानी समर्थक भी इस काम में पूरा योगदान दे रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News