दर्दनाक हादसा : HRTC की बस नदी में गिरी, 4 की मौत

punjabkesari.in Saturday, Apr 21, 2018 - 11:10 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला में शनिवार को पथ परिवहन निगम की एक बस नदी में जा गिरी। हादसे में चालक सहित 4 की मौत व 3 लोगों के घायल होने का समाचार है। मिली जानकारी के अनुसार बस रिकांगपिओ से हांगो की तरफ जा रही थी जोकि लियो नामक स्थान पर अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। बस में चालक समेत कुल 7 लोग सवार थे। हादसा शाम 6 बजे के करीब हुआ बताया जा रहा है। वहीं घायल हुए 3 लोगों को पूह अस्पताल ले जाया गया है।


जानकारी के मुताबिक रिकांगपिओ परिवहन निगम की बस (नं. एच.पी. 25 1658) रिकांगपिओ से हांगों चुलिंग के लिए जा रही थी कि बस असंतुलित होकर स्पीति नदी में जा गिरी। दुर्घटना में चालक सहित एक महिला व अन्य 2 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में बस चालक नंद लाल, लियो निवासी भगवान दास व हांगों निवासी उधम मणि बताए जा रहे हैं जबकि चौथे व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है। 


जैसे ही घटना की सूचना लोगों को मिली तो पूर्व प्रधान लियो पी.डी. नेगी सहित लियो गांव के ग्रामीण बचाव कार्य में जुट गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पूह तहसीलदार सहित पुलिस बल की टीम घटना स्थल पर पहुंच गई तथा राहत व बचाव कार्य में जुट गए। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 10 हजार रुपए व घायलों को 5 हजार रुपए फौरी राहत दी गई है। जानकारी के मुताबिक अभी तक दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। 


पुलिस अधीक्षक किन्नौर साक्षी वर्मा ने बताया कि अभी तक इस घटना में चालक सहित 4 लोगों की मौत होने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर संचार व्यवस्था सही नहीं होने के कारण पूर्ण रूप से सूचना नहीं मिल पा रही है। पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंच कर कार्रवाई कर रही है। पूर्व भाजपा विधायक तेजवंत सिंह नेगी ने लियो गांव के समीप हुई बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News