पंजाब कैबिनेट विस्तार को मंजूरी, 9 मंत्री आज लेंगे शपथ

punjabkesari.in Saturday, Apr 21, 2018 - 02:27 AM (IST)

चंडीगढ़: 2 दिन की मैराथन बैठकों के बाद आखिरकार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब मंत्रिमंडल विस्तार के तहत बनाए जाने वाले 9 नए मंत्रियों के नामों पर मोहर लगा दी। शुक्रवार को नई दिल्ली में लगातार डेढ़ घंटा चली बैठक में संभावित मंत्रियों के नामों की सूची को मंजूरी दी गई। 

राहुल गांधी द्वारा मंजूर किए गए नामों में डेरा बाबा नानक के विधायक सुखजिंद्र सिंह रंधावा, अमृतसर से ओ.पी. सोनी, होशियारपुर के शाम सुंदर अरोड़ा, लुधियाना के भारत भूषण आशू, फिरोजपुर से राणा गुरमीत सोढी, संगरूर से विजय इंद्र सिंगला, रामपुराफूल से विधायक गुरप्रीत सिंह कांगड़, मोहाली से बलबीर सिंह सिद्धू व राजासांसी हलके से सुखविंद्र सिंह सुख सरकारिया शामिल हैं। 

उल्लेखनीय है कि इस सूची में अमृतसर के विधायक डा. राज कुमार वेरका, गिद्दड़बाहा के विधायक राजा वङ्क्षडग, फतेहगढ़ साहिब के दलजीत नागरा व जालंधर से परगट सिंह के नाम शामिल नहीं किए गए। इनके स्थान पर  कुछ नए नाम सूची में शामिल हैं जिनकी पहले कोई खास चर्चा नहीं थी। इनमें गुरप्रीत सिंह कांगड़, बलबीर सिंह सिद्धू व सुखविंद्र सिंह सुख सरकारिया शामिल हैं। नए मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को राहुल गांधी से हुई बैठक में पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़, प्रदेश इंचार्ज आशा कुमारी, सह-इंचार्ज हरीश चौधरी भी मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह के साथ मौजूद रहे। बैठक के बाद खुद कैप्टन ने राहुल गांधी द्वारा मंत्रिमंडल विस्तार व नामों की सूची को मंजूरी मिलने की पुष्टि की। 

उन्होंने यह भी घोषणा की कि नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह 21 अप्रैल शाम के समय पंजाब राजभवन चंडीगढ़ में होगा। मंत्रिमंडल विस्तार की घोषणा के बाद आज शाम ही पंजाब राजभवन में जहां शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू हो गई है, वहीं समय कम होने के कारण पंजाब सरकार के संबंधित विभागों के अधिकारी भी अतिथियों को आमंत्रण पत्र आदि देने के कार्य में जुट गए हैं व सुबह तक ही पूरे कार्यक्रम की तैयारी की जानी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sonia Goswami

Recommended News

Related News