गोल्ड कोस्ट में खिलाड़ियों की मेहनत से गदगद खट्टर सरकार, स्वर्ण विजेताओं को देगी 1.50 करोड़

punjabkesari.in Monday, Apr 16, 2018 - 08:52 AM (IST)

चंडीगढ़(ब्यूरो): आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित हुए राष्ट्रमंडल खेल-2018 में हरियाणा के खिलाडिय़ों की मेहनत से खट्टर सरकार भी गद्गद नजर आ रही है। भारत की झोली में आए पदकों में से अकेले हरियाणा के खिलाडिय़ों ने 22 पदक झटके हैं। इनमें से 9 स्वर्ण, 6 रजत व 7 कांस्य पदक हैं। इन विजेता खिलाडिय़ों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व खेल मंत्री अनिल विज ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें राष्ट्रमंडल खेल-2018 की सभी प्रतियोगिताओं में खिलाडिय़ों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर गर्व है। खेल मंत्री अनिल विज ने घोषणा की है कि हरियाणा सरकार की तरफ से स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को 1.5 करोड़ रुपए, रजत पदक विजेता खिलाड़ी को 75 लाख रुपए तथा कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी को 50 लाख रुपए की राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। 

विज ने ट्वीट करते हुए बताया कि स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को हरियाणा सरकार की श्रेणी-ए, रजत पदक विजेता खिलाड़ी को श्रेणी-बी तथा कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी को श्रेणी-सी की नौकरी का हक होगा।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रमंडल खेल के लिए हरियाणा की तरफ से कुल 38 खिलाडिय़ों का चयन हुआ था जिनमें से 22 खिलाडिय़ों ने देश के साथ-साथ अपने हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन किया। खास बात यह है कि इन खिलाडिय़ों को खट्टर सरकार की खेल पॉलिसी के तहत तुरंत प्रभाव से नौकरी मिलना तय है। पिछले दिनों ही खट्टर सरकार ने नई खेल पॉलिसी पर मोहर लगाते हुए पदक के हिसाब से नौकरी देने का प्रावधान तय किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static