मिलकर बाबा साहेब के सपनों का भारत बनाएंगे : महेश शर्मा

punjabkesari.in Saturday, Apr 14, 2018 - 03:42 PM (IST)

नोएडाः भारतीय जनता पार्टी ने आज देश के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 127वीं जयंती को ‘सामाजिक न्याय दिवस’ के रूप में मनाई। दलित प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि हम सब मिलकर बाबा साहब के सपनों का भारत बनाएंगे। नोएडा के सेक्टर-14ए स्थित दलित प्रेरणा स्थल पर आयोजित जयंती समारोह में केन्द्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने देशवासियों को एक सूत्र में पिरोकर रखा।     

उन्होंने कहा कि जिस देश में थोड़ी थोड़ी दूर पर खानपान, जाति एवं धर्म बदल जाते हैं, आज वहीं सवा सौ करोड़ देशवासी एक सूत्र में बंधकर सौहार्दपूर्ण माहौल में रह रहे हैं। यह सब बाबा साहेब द्वारा निर्मित संविधान की वजह से ही हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें धर्म, जाति, बिरादरी, गरीब-अमीर की खाई को पाटकर एक ऐसे समाज का निर्माण करना है, जहां सभी कुरीतियां दूर हों और देश महान बने। डॉ. शर्मा ने कहा कि समाज एवं राष्ट्र उनको ही नमन करता है जो समाज के लिये कुछ करते हैं। 

उन्होंने कहा कि देश के आजाद होने से पहले छुआछूत, भेदभाव ऊंच-नीच जैसी अनेक कुरीतियां हमारे समाज में व्याप्त थीं। उस समय बाबा साहेब ने इसके खिलाफ आवाज उठाई। छुआछूत के भेदभाव को मिटाने के लिए उन्होंने जीवन भर संघर्ष किया। आजादी के बाद उन्हें देश का पहला कानून मंत्री बनाया गया और संविधान बनाने की जिम्मेदारी दी गई। संविधान बनाने के बाद बाबा साहेब ने कहा था कि यह संविधान हमारा मार्गदर्शक बनेगा और देश का भविष्य निर्धारित करेगा। उन्होंने कहा कि संविधान की सीमा में रहकर यदि हम आगे बढ़ेंगे तो हमारे देश का चौमुखी विकास होगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि संविधान को लागू करने में जो कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर करने का प्रयास हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। यह भूमि भगवान बुद्घ के संदेशों की भूमि है। इसकी पहचान अनेकता में एकता, सामाजिक भाई-चारे के रूप में होती है। 

उन्होंने वहां मौजूद लोगों से अपील की कि वह संकल्प लें कि पायदान की अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक विकास को पहुंचाया, तभी बाबा साहेब के सपनों का भारत बन पाएगा। इस अवसर पर नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने जीवन भर सामाजिक न्याय एवं सामाजिक समरसता के लिए संघर्ष किया। उनके कहे एक-एक शब्द हमें प्रेरणा और नई दिशा देने का काम करते हैं।      


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static