बारालाचा में हिमखंड गिरने व फुमन नाले में बाढ़ से मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध, सैंकड़ों पर्यटक वाहन फंसे

punjabkesari.in Tuesday, Jun 18, 2019 - 06:06 PM (IST)

कुल्लू: लाहौल के कोकसर के पास फुमन नाले में बाढ़ और बारालाचा दर्रे में हिमखंड गिरने से मनाली-लेह मार्ग बंद हो गया है। मार्ग बंद होने से लेह आने-जाने वाले सैंकड़ों पर्यटक वाहन फंस गए हैं। मंगलवार सुबह साढ़े 11 बजे के लगभग कोकसर से केलांग की ओर डेढ़ किलोमीटर आगे फुमन नाले में अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। दोपहर बाद बारालाचा दर्रे में हिमखंड गिर गया, जिससे वहां भी मार्ग बंद हो गया। लेह से मनाली आ रहे वाहन सरचू में जबकि जा रहे वाहन दारचा में ही फंस गए हैं, जिससे लोगों सहित सैलानियों को मुश्किल हो रही है।

लाहौल व लेह के लिए रवाना हुए हैं 400 से अधिक पर्यटक वाहन

मंगलवार होने के चलते रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए बंद रहा, जिस कारण मंगलवार को लेह व लाहौल घाटी का रुख करने वाले सैलानियों की संख्या अधिक रही। पहाड़ों में बर्फ पिघलने की रफ्तार बढ़ते ही लाहौल घाटी के नाले उफान पर हैं। कुछ दिन पहले लाहौल के पागल नाले में भी पानी बढऩे से ट्रैफिक बंद हो गया था। वाहन चालकों ने बताया कि मंगलवार को मनाली की ओर से 400 से अधिक पर्यटक वाहन लाहौल व लेह के लिए रवाना हुए हैं।

बी.आर.ओ. सड़क बहाली के कार्य में जुटा

बी.आर.ओ. कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि कोकसर के पास बाढ़ आने से जबकि बारालाचा दर्रे में हिमखंड गिरने से मनाली-लेह मार्ग 2 जगह अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने कहा कि सड़क बहाली का कार्य जारी है। शीघ्र ही ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू कर ली जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News