जेपी नड्डा बने बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष, संसदीय बोर्ड की बैठक में फैसला

punjabkesari.in Tuesday, Jun 18, 2019 - 05:21 AM (IST)

नेशनल डेस्कः भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री जे पी नड्डा को सोमवार को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हालांकि, अमित शाह फिलहाल पार्टी के अध्यक्ष बने रहेंगे। पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक में यह फैसला किया गया। संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बोर्ड के इस निर्णय की घोषणा की। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा प्रमुख अमित शाह शामिल हुए।
PunjabKesari
राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा संसदीय बोर्ड की आज बैठक हुई और जे पी नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में चुना गया। वह भाजपा के सदस्यता अभियान और संगठनात्मक चुनाव संपन्न होने तक कार्यकारी अध्यक्ष बने रहेंगे।'' नड्डा को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि वह ,‘‘पार्टी के मेहनती कार्यकर्ता है जो अपनी कड़ी मेहनत और संगठनात्मक कौशल के बल पर आगे बढ़े हैं। विनम्र और मिलनसार नड्डा का भाजपा परिवार में बहुत सम्मान किया जाता है।''
PunjabKesari
रक्षा मंत्री ने कई ट्वीट में कहा कि भाजपा ने पार्टी अध्यक्ष शाह के नेतृत्व में कई चुनाव जीते हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उन्हें (शाह) गृह मंत्री नियुक्त किये जाने के बाद अमितजी ने खुद कहा था कि पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी और को दी जानी चाहिए। सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘इस नई जिम्मेदारी को निभाने के लिए नड्डा जी को बधाई और शुभकामनाएं।'' ऐसा पहली बार है जब पार्टी ने एक कार्यकारी अध्यक्ष को नियुक्त किया है। कई केन्द्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने भी नड्डा को उनकी नियुक्ति पर बधाई दी।
PunjabKesari
सूत्रों ने बताया कि शाह का कार्यकाल दिसम्बर 2019 में समाप्त होना है और वह पार्टी के ‘एक व्यक्ति, एक पद' के सिद्धांत के चलते पार्टी अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल में विस्तार नहीं लेना चाहेंगे। सूत्रों ने बताया कि वर्तमान में भाजपा के संसदीय बोर्ड के सचिव नड्डा भाजपा के संगठनात्मक चुनाव संपन्न होने तक कार्यकारी अध्यक्ष रहेंगे और ऐसे संकेत हैं कि वह शाह का स्थान ले सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News