पी.डब्ल्यू.डी. को मिली प्रशासनिक अनुमति, 13.5 एकड़ पंचायती जमीन में बनेगी 3 मंजिला इमारत

punjabkesari.in Friday, Jun 14, 2019 - 02:20 PM (IST)

करनाल(मनोज): बस्तली गांव में महिला कालेज का रोडमैप तैयार हो चुका है। पी.डब्ल्यू.डी. को प्रशासनिक अनुमति भी मिल गई। गांव की पंचायत ने 13.5 एकड़ जमीन पहले ही इस प्रोजैक्ट के लिए दे रखी है। 3 मंजिला इमारत के लिए 18.68 करोड़ का बजट रखा गया है। सी.एम. की घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए पी.डब्ल्यू.डी. आगामी सप्ताह टैंडर लगाएगा। इस प्रक्रिया में एक से डेढ़ महीना लगेगा। इसके बाद एजैंसी को वर्क ऑर्डर जारी होगा।
 

विभाग का दावा है कि 21 महीने में महिला कालेज की बिल्डिंग बनकर तैयार हो जाएगी। इस लिहाज से कालेज में अप्रैल 2021 में पहले शैक्षणिक सत्र की शुरूआत हो जाएगी। देहात के इस महिला कालेज में आधुनिक सुविधाओं से लैस ऑडिटोरियम भी बनेगा। यही नहीं दिव्यांगों के लिए अलग से शौचालयों की व्यवस्था भी होगी। सुगम्य भारत अभियान के तहत दिव्यांगों को रैंप की सुविधा भी दी जाएगी।
 
बेटियों को मनोहर सौगात 

ग्रामीणों का कहना है कि सी.एम. मनोहर लाल की यह गांव की बेटियों को मनोहर सौगात है। बस्तली में महिला कालेज के बाद वह पढ़ सकेंगी और आगे बढ़ सकेंगी। ग्रामीण सुरेश, दीपक, सुमेर व विद्या देवी ने कहा कि 12वीं के बाद अधिकतर लड़कियां घर की चारदीवारी तक सीमित हो जाती हैं। पास के ही गांव में कालेज होने से ऐसा नहीं होगा। लड़कियां शिक्षित होंगी तो समाज तरक्की के पथ पर अग्रसर होगा। 

बदलेगी तस्वीर : 41 किलोमीटर में 3 कालेज 
आगामी कुछ वर्षों में गांवों की तस्वीर बदलने जा रही है। खासकर शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण एरिया तरक्की की ओर है। असंध हल्के में 41 किलोमीटर में 3 कालेज इस बात का सबूत हैं। असंध से सटे जयसिंहपुरा गांव में कालेज बनाया जा रहा है। यहां से करीब 36 किलोमीटर दूर दादूपुर गांव में महिला कालेज लगभग बनकर तैयार हो चुका है। यहीं से करीब 5 किलोमीटर स्थित बस्तली गांव में भी जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। तरावड़ी और बस्ताड़ा गांव में भी कालेज की सौगात आगामी कुछ वर्षों में मिल जाएगी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kamal

Recommended News

Related News

static