मुकेरियां व दसूहा बना भाजपा की जीत का सबसे बड़ा कारण

punjabkesari.in Friday, May 24, 2019 - 11:32 AM (IST)

फगवाड़ा(जलोटा): लोकसभा सीट होशियारपुर पर भाजपा प्रत्याशी सोमप्रकाश कैंथ को मिली ऐतिहासिक जीत में फगवाड़ा वि.स. सीट पर भाजपा को मिली करीब 5146 वोट की लीड जहां अहम रही, वहीं इस सीट पर मुकेरियां व दसूहा वि.स. सीटों से मिली लीड ने निर्णायक भूमिका निभाते हुए कांग्रेस पार्टी का सूपड़ा साफ कर दिया। होशियारपुर में भी भाजपा को कांग्रेस के मुकाबले में 8804 वोट की लीड मिली।

आंकड़ों के अनुसार भाजपा विधायक फगवाड़ा सोमप्रकाश कैंथ को मुकेरियां वि.स. सीट पर कांग्रेस पार्टी की तुलना में रिकार्ड 37,706 व दसूहा वि.स. सीट से 22,773 वोटों की लीड उनकी जीत का आधार बनी, यानी फगवाड़ा, होशियारपुर, मुकेरियां, दसूहा की कुल वोटों की लीड को यदि जोड़ा जाए तो यह कुल 74,429 बन जाती है। इस कड़ी में भाजपा प्रत्याशी सोमप्रकाश कैंथ को होशियारपुर लोकसभा सीट के तहत आती चब्बेवाल, शाम चौरासी, भुलत्थ, उरमार व श्री हरगोबिंदपुर वि.स. सीट से क्रमश: 7616, 3596, 506, 416 व 15,302 वोट की पराजय मिली जिसका कुल योग 27,436 वोट बनता है, अर्थात भाजपा प्रत्याशी श्री कैंथ की जीत में फगवाड़ा, होशियारपुर, मुकेरियां व दसूहा की निर्णायक भूमिका रही है।

यद्यपि फगवाड़ा वि.स. सीट पर गौर किया जाए तो पिछली बार हुए होशियारपुर लोकसभा सीट पर यहां से कांग्रेस पार्टी को करीब 5000 वोट की लीड मिली थी, लेकिन अब की बार मामला उल्टा रहा है। फगवाड़ा में भाजपा की बड़ी जीत का श्रेय भाजपा हाईकमान द्वारा फगवाड़ा वि.स. सीट पर बूथ दर बूथ की गई माइक्रो मैनेजमैंट और श्री कैंथ की धर्मपत्नी अनिता सोमप्रकाश कैंथ द्वारा व्यक्तिगत तौर पर वार्ड दर वार्ड, गांव दर गांव खुद संभाली गई चुनाव की कमान व की गई कड़ी मेहनत को जाता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News