काम्बोज समाज व सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

punjabkesari.in Tuesday, Apr 23, 2019 - 12:28 PM (IST)

शाहाबाद मारकंडा(अरुण): विधायक कृष्ण बेदी द्वारा कुछ दिन पहले एक चुनावी सभा में आर.टी.आई. कार्यकर्ता सुखविंद्र सिंह कंबोज पर अभद्र टिप्पणी को लेकर आज काम्बोज समाज व सामाजिक संगठनों ने रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी देवी मंदिर ग्राऊंड में एकत्रित हुए और प्रदर्शन करते हुए बाजारों से गुजरते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां पर प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में कहा गया है कि विधायक बेदी ने एक जनसभा के दौरान कहा कि आर.टी.आई. कार्यकर्ता  सुखविंद्र सिंह कम्बोज 5-5 रुपए की मजदूरी करता है और 5-5 रुपए की मजदूरी करने वाला क्या देश सुधारेगा।

ज्ञापन में कहा कि उन्होंने सामाजिक कार्य करने वाले व्यक्ति को नहीं बख्शा और उसकी बिरादरी के बारे में टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जिस बिरादरी में देश की सेवा के लिए शहीद ऊधम सिंह काम्बोज जैसे वीर योद्धा पैदा हुए, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए और राज्यमंत्री ने उस बिरादरी के व्यक्ति पर अमर्यादित और अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा कि यह व्यक्ति स्मैक का नशा करता है, जोकि सरासर झूठ है। 

ज्ञापन में कहा कि विधायक बेदी द्वारा आर.टी.आई. कार्यकर्ता सुखविंद्र सिंह काम्बोज पर लिए गए अभद्र व झूठे बयानों की जांच करवाई जाए अन्यथा पूरे हरियाणा में जहां-जहां काम्बोज बिरादरी के लोग रहते हैं इसका कड़ा जवाब देंगे और चुनाव में विरोध करेंगे। इस अवसर पर जसबीर सिंह, राकेश बैंस, जगमाल गोलपुरा, कुलविंद्र ढकाला, डा गुलशन क्वात्रा, निर्मल सिंह, सूबा सिंह, पवन बैंस, गगन चंतोख, रोहित, लखविंद्र सिंह, निर्मल सिंह, बंता सिंह, प्यारा सिंह, कुलबीर कठवा, गुरी कठवा, हरपाल काम्बोज यमुनानगर, शमशेर सिंह अधिवक्ता यमुनानगर, ज्ञान सिंह व शुभम साहनी सहित अनेक लोग मौजूद थे।

पार्किंग का पौने 5 लाख में लिया है ठेका 
आर.टी.आई. कार्यकर्ता सुखविंद्र काम्बोज ने कहा कि राज्यमंत्री ने उन पर स्मैक लेने का आरोप लगाया है। वह उनका मैडीकल जांच करवा लें और सच्चाई सामने आ जाएगी। स्मैक तो दूर उन्होंने कभी सिगरेट तक नहीं पी। उन्होंने कहा कि तहसील में उन्होंने पौने 5 लाख रुपए का पार्किंग का ठेका लिया है और मेहनत की कमाई करके खाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kamal

Recommended News

Related News

static