एक सही फ़ैसला तय करता है आपका भविष्य

punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2019 - 02:12 PM (IST)

ये नहीं देखा तो क्या देखा (VIDEO)
कई बार हम लोग मुसीबतों को देखकर घबरा जाते हैं, डर जाते हैं जिसके कारण हम कुछ ऐसे फैसले ले लेते हैं जो हमें आगे चलकर दुख देते हैं। इन सब बातों को एक अच्छे तरीके से समझते हैं।
 
एक बार की बात है। एक मूर्तिकार एक जंगल से गुजर रहा था। रास्ते में उसकी नजर एक बहुत ही सुंदर पत्थर पर पड़ी। वह सोचने लगा इससे बहुत ही सुंदर मूर्ति बनेगी। वह हथौड़े और छैनी से उस पत्थर पर वार ही करने वाला था कि अचानक पत्थर से आवाज़ आई, रुको मुझे छोड़ दो। तुम्हें आगे रास्ते में दूसरा पत्थर मिल जाएगा।
PunjabKesari
मूर्तिकार बहुत ही दयालु था। उसने बिना कोई सवाल किए अपना सामान उठाया और आगे बढ़ गया। वह जंगल में कुछ दूर ही गया था कि उसे एक और पत्थर दिखाई दिया। वह भी काफी विशाल और सुंदर था। मूर्तिकार ने अपने हथौड़े और छैनी से उस पर काम करना शुरू कर दिया। कुछ ही समय बाद उसने उस पत्थर की बहुत ही सुंदर मूर्ति बना दी। मूर्ति बनाने के बाद वह जंगल पार करके एक गांव में पहुंच गया।

गांव वालों ने उससे कहा, ‘‘हमारे गांव में एक नया मंदिर बना है, उसके लिए भगवान की एक मूर्ति बना दो। मूर्तिकार ने कहा, ‘‘मैंने अभी-अभी जंगल में एक मूर्ति बनाई है। तुम लोग उसे ले आओ।’’ 

लोग जंगल में जाकर उस मूर्ति को ले आए और मंदिर में स्थापित कर दिया। प्रतिमा स्थापित करने के बाद लोग बोले, ‘‘हमें नारियल फोड़ने के लिए एक पत्थर और चाहिए।’’ 
PunjabKesari
मूर्तिकार बोला, ‘‘जंगल में एक पत्थर और है। मैंने उसे ऐसे ही छोड़ दिया था। तुम उसे ले आओ।’’ कुछ लोग जाकर उस पत्थर को ले आए। वे दोनों पत्थर एक ही समय पर एक ही जगह आ गए लेकिन एक पत्थर की पूजा हो रही थी और दूसरे पत्थर पर नारियल फोड़े जा रहे थे। एक दिन जिस पत्थर पर नारियल फोड़े जा रहे थे, वह मूर्ति बने पत्थर से बोला, ‘‘हम दोनों में क्या फर्क है, जिसके कारण तुम्हारी पूजा होती है और मुझ पर नारियल फोड़े जाते हैं।’’ 

मूर्ति बना पत्थर बोला, ‘‘फर्क सिर्फ हमारे द्वारा लिए गए फैसलों का है। अगर उस दिन तुमने जंगल में मूर्तिकार का पहला वार सह लिया होता तो आज तुम्हारी भी मेरी तरह पूजा होती।
अर्थात यह कि आपके द्वारा आज लिया गया फैसला ही आपके लिए भविष्य में अच्छा और बुरा समय लेकर आता है। इसलिए मुसीबत आने पर घबराओ नहीं। सोच-समझकर ही फैसला लो क्योंकि वही फैसला आपके आने वाले कल के बारे में बताएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Lata

Recommended News

Related News