कांगड़ा में 2 सड़क हादसे, एक की दर्दनाक मौत-2 घायल

punjabkesari.in Saturday, Apr 20, 2019 - 07:30 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): पुलिस थाना इंदौरा के अंतर्गत 2 सड़क दुर्घटनाओं में 3 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पहली दुर्घटना जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मीलवां नामक स्थान के निकट हुई। बताया जा रहा है कि 42 वर्षीय एक व्यक्ति उक्त स्थान पर जब पैदल जा रहा था तो उसे किसी वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे के दौरान वह कुछ देर घायलावस्था में वहीं पड़ा रहा, जिसे किसी स्थानीय व्यक्ति ने देखा व इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व साक्ष्य जुटाए। वहीं घायल को सिविल अस्पताल मुकेरियां पहुंचाया जहां जख्मों के ताव न सहते हुए उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दयाल चंद पुत्र चमन लाल, निवासी भंगाला कॉलोनी, डाकघर भंगाला,तहसील मुकेरियां (होशियारपुर) पंजाब के रूप में की गई है।

अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस थाना इंदौरा प्रभारी सुरेंद्र धीमान ने बताया कि पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे सी.सी.टी.वी. की फुटेज खंगाल रही है। शीघ्र ही उक्त अज्ञात वाहन का पता लगा लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने शाहदीन पुत्र साईं दीन निवासी गांव मीलवां, डाकघर उलैहडिय़ां तहसील इंदौरा के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध भारतीय दंड विधान की धारा 279,337 व यातायात अधिनियम 187 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है तथा आगामी छानबीन जारी है।

दो बाइकों में टक्कर, 2 घायल

दूसरा हादसा इंदौरा-पठानकोट वाया डाहकुलाड़ा मार्ग पर डाहकुलाड़ा से मलोट के बीच पुल के पास  हुआ, जहां 2 बाइकें आपस में टकरा गईं। पुलिस के अनुसार उक्त दुर्घटना के संदर्भ में विक्रम सिंह पुत्र स्वर्गीय संसार सिंह निवासी गांव कुलाड़ा, डाकघर डाह, तहसील इंदौरा ने अपने ही गांव के बाइक (एच.पी. 38सी-5616) चालक नीरज कुमार पुत्र प्रेमचंद के विरुद्ध लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसी गांव की अन्य बाइक को टक्कर मारने का ममाला दर्ज करवाया है। शिकायत के अनुसार इस हादसे में  बाइक (एच.पी. 38बी-1470 ) सवार 24 वर्षीय युवक वरुण सिंह पुत्र रजिंद्र सिंह व नीरज कुमार दोनों घायल हो गए, जिनमें से वरुण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंदौरा से रैफर कर दिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता 279, 337 के अंतर्गत मुकद्दमा दर्ज कर दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है तथा आगामी कारवाई अमल में लाई जा रही है। एस.एस.पी. कांगड़ा संतोष पटियाल ने मामलों की पुष्टि की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News