18 दुकानों में फिर सीलिंग

punjabkesari.in Saturday, Apr 20, 2019 - 10:37 AM (IST)

फरीदाबाद(ब्यूरो) नगर निगम प्रशासन ने सेक्टर 9-10 की मार्केट में दोबारा खोली गई 18 दुकानों के खिलाफ शुक्रवार को फिर से सीलिंग की कार्रवाई की। उच्च न्यायालय के आदेश पर निगम प्रशासन ने फरवरी माह में सौ से अधिक दुकानों को सील किया था। मालिकों ने सील तोड़कर फिर से व्यवसायिक गतिविधियां शुरू कर दी थीं। दुकानदारों ने सीलिंग का विरोध किया। लेकिन भारी पुलिसबल के कारण ज्यादा देर टिक नहीं सके। 

रिहायशी इलाके में व्यवसायिक गतिविधियां चलाए जाने के खिलाफ समाजसेवी किशनलाल गेरा ने उच्च न्यायालय में याचिका डाल रखी है। उच्च न्यायालय ने जनवरी 2019 में इन सभी दुकानों को सील करने का आदेश नगर निगम प्रशासन को दिया था। निगम प्रशासन को कार्रवाई की रिपोर्ट 14 फरवरी को उच्च न्यायालय में पेश करनी थी। 11 और 12 फरवरी को निगम प्रशासन की ओर से सेक्टर 11और 12 और सेक्टर 9-10 की रोड पर 109 व्यवसायिक संस्थानों को सील किया था। 

कार्रवाई के बाद कुछ दुकानदारों ने सील तोड़कर फिर से व्यवसायिक गतिविधियां शुरू कर दी थीं। निगमायुक्त अनीता यादव को इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सात आठ लोगों के खिलाफ सेक्टर 7 में केस भी दर्ज कराया गया लेकिन देखादेखी अन्य लोगों ने भी सील तोड़ कर व्यवसाय करना शुरू कर दिया। इस पर निगमायुक्त ने ओल्ड फरीदाबाद से संयुक्त आयुक्त महिपाल सिंह नरवत को सर्वे करा दोबारा सीलिंग के निर्देश दिए। सर्वें में कुल 18 दुकानों की सील तोड़ी जाना पाया गया। शुक्रवार को कार्यकारी अभियंता ओमबीर सिंह ने नेतृत्व में तोडफ़ोड़ दस्ता और पुलिस बल सेक्टर 9-10 की डिवाइडिंग रोड पर पहुंचा।

दस्ते ने सीलिंग का काम शुरू किया, तो दुकानदारोंं ने विरोध शुरू कर दिया। लेकिन पुलिस बल के आगे ज्यादा नहीं चली। शाम तक चले अभियान में तोडफ़ोड़ दस्ते ने 18 इमारतों पर ताला जड़कर उन्हें दोबारा सील किया। कार्रवाई में कार्यकारी अभियंता ओमबीर सिंह के साथ एसडीओ विनोद सिंह, बिल्डिंग निरीक्षक डीके सोलंकी, कनिष्ठ अभियंता वीर सिंह, मनीष सहरावत और रविंद्र सिंह सहित बल्लभगढ़ जोन के कई थानों का पुलिस बल मौजूद रहा।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kamal

Recommended News

Related News

static