राहुल गांधी आज छत्तीसगढ़ में दो चुनावी रैली को करेंगे संबोधित

punjabkesari.in Saturday, Apr 20, 2019 - 05:16 AM (IST)

रायपुरः कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और दुर्ग जिले में दो चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेष नितिन त्रिवेदी ने शुक्रवार को यहां बताया कि राहुल गांधी शनिवार को दोपहर बाद तीन बजे बिलासपुर जिले के सकरी भाटा क्षेत्र में तथा शाम पांच बजे दुर्ग जिले के भिलाई में सभा को संबोधित करेंगे।
PunjabKesari
राज्य में लोकसभा चुनाव के दौरान यह पहला अवसर है जब कांग्रेस अध्यक्ष चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने पहले और दूसरे चरण के मतदान के दौरान राज्य का दौरा नहीं किया। राज्य का बिलासपुर और दुर्ग लोकसभा क्षेत्र यहां के प्रतिष्ठित सीटों में से एक है। सत्ताधारी दल कांग्रेस ने जहां बिलासपुर में अटल श्रीवास्तव को उम्मीदवार बनाया है वहीं दुर्ग लोकसभा सीट में कांग्रेस की ओर से प्रतिमा चंद्राकर चुनावी मैदान में है। श्रीवास्तव और चंद्राकर का मुकाबला भाजपा के अरूण साव और विजय बघेल से है। दुर्ग सीट मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का गृह जिला भी है।
PunjabKesari
छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग ने तीन चरणों में मतदान कराने का फैसला किया है। पहले चरण में 11 अप्रैल को बस्तर लोकसभा सीट के लिए मतदान संपन्न हुआ। वहीं, दूसरे चरण में 18 अप्रैल को कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा सीट के लिए मतदान संपन्न हुआ। तीसरे चरण में 23 अप्रैल को रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर चांपा, दुर्ग और सरगुजा लोकसभा सीट के लिए मतदान होगा।
PunjabKesari
छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद से यह राज्य भारतीय जनता पार्टी का गढ़ रहा है। वर्ष 2004, 2009 और वर्ष 2014 में हुए आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 11 में से 10 सीटों पर जीत हासिल की थी। लेकिन वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में 90 में 68 सीटों में जीत हासिल करने के बाद से कांग्रेस उत्साहित है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News